ऊना के नंदपुर में चलती कार में लगी भीषण आ.ग, तीन लोगों ने कूदकर बचाई जान; वाहन जलकर राख
ऊना-अंब नेशनल हाईवे पर हुआ हादसा, बगलामुखी माता मंदिर से माथा टेककर दिल्ली लौट रहे थे कार सवार
ऊना, 1 नवंबर(हरपाल सिंह कोटला)- हिमाचल प्रदेश के ऊना जिले में ऊना-अंब नेशनल हाईवे पर नंदपुर गांव के पास रविवार मध्यरात्रि एक चलती कार में अचानक आग लग गई। आग इतनी तेजी से फैली कि देखते ही देखते पूरी कार आग की चपेट में आ गई और जलकर राख हो गई। राहत की बात यह रही कि कार में सवार तीनों लोगों ने समय रहते बाहर निकलकर अपनी जान बचा ली। हादसे में किसी के घायल होने या जानी नुकसान की सूचना नहीं है।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, घटना 31 अक्तूबर और 1 नवंबर की मध्यरात्रि की है। कार नंबर CH 01-BR-5847 में तीन लोग सवार थे, जो दिल्ली के तिलक नगर के निवासी बताए जा रहे हैं। तीनों बगलामुखी माता मंदिर में माथा टेकने के बाद वापस दिल्ली लौट रहे थे।
बताया जा रहा है कि जब उनकी कार ऊना-अंब राष्ट्रीय राजमार्ग पर नंदपुर गांव के पास पहुंची तो अचानक उसमें आग लग गई। वाहन से आग की लपटें उठती देख कार सवार तीनों लोगों ने तुरंत बाहर निकलकर अपनी जान बचाई। कुछ ही देर में आग ने पूरी कार को अपनी चपेट में ले लिया और वाहन जलकर राख हो गया।
घटना की सूचना मिलते ही अंब पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का जायजा लिया। पुलिस मामले में आगामी कार्रवाई कर रही है। फिलहाल कार में आग लगने के वास्तविक कारणों का पता नहीं चल पाया है।

