देश के कई हिस्सों में मौसम का बदलने वाला है मिजाज
दिल्ली, 5 नवंबर - देश के कई हिस्सों में मौसम का मिजाज बदलने वाला है। भारतीय मौसम विभाग (आईएमडी) ने आज 14 राज्यों में बारिश, आंधी और तेज हवाओं को लेकर अलर्ट जारी किया है। दक्षिण भारत के राज्यों में चक्रवात मुरासु के कमजोर पड़ने के बाद भी बारिश का असर बना हुआ है। तमिलनाडु, पुडुचेरी, केरल, कर्नाटक और आंध्र प्रदेश के कई इलाकों में अगले कुछ दिनों तक बारिश की संभावना है। वहीं, मध्य और पूर्वी भारत के कुछ हिस्सों में भी बारिश और गरज-चमक का अनुमान है।
उत्तर भारत में मौसम का मिजाज इससे अलग रहेगा। दिल्ली-NCR में सुबह हल्की धुंध या कोहरा छा सकता है, हालांकि दिन में आसमान साफ रहने की संभावना है। उत्तर प्रदेश और बिहार में बारिश का कोई अलर्ट नहीं है, लेकिन तापमान में गिरावट के साथ सुबह और शाम ठंड का असर बढ़ सकता है।
इन राज्यों में बारिश और आंधी का अलर्ट
आईएमडी के पूर्वानुमान के मुताबिक, तमिलनाडु, पुडुचेरी और कराईकल में 5 से 8 नवंबर के बीच कई इलाकों में बारिश हो सकती है। 7 और 8 नवंबर को यहां व्यापक बारिश की संभावना है। केरल और माहे में भी 6 से 8 नवंबर के दौरान कुछ जगहों पर भारी बारिश हो सकती है। तटीय कर्नाटक, दक्षिण आंतरिक कर्नाटक, लक्षद्वीप और रायलसीमा में भी अलग-अलग दिनों में बारिश का अनुमान है।

