अरुणाचल प्रदेश में आग लगने से एक ही परिवार के चार लोगों की मौत, 24 मकान जले
अरुणाचल प्रदेश के कुरुंग कुमे जिले के एक कस्बे में बृहस्पतिवार तड़के भीषण आग लगने से एक ही परिवार के चार सदस्यों की मौत हो गई और कम से कम 24 मकान जलकर खाक हो गए। अधिकारियों ने यह जानकारी दी।
मृतकों में एक महिला और उसके तीन नाबालिग बच्चे- दो बेटे और एक बेटी शामिल हैं। महिला का पति लापता है, जिससे मृतकों की संख्या बढ़ने की आशंका है। उपायुक्त चीचुंग चुखू ने बताया कि नुकसान का आकलन करने के बाद ही स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।
जिला आपदा प्रबंधन अधिकारी के अनुसार, पारसी-पार्लो कस्बे में आग देर रात करीब ढाई बजे लगी और तेजी से आसपास के मकानों में फैल गई। आग में 19 मकान पूरी तरह जल गए, जबकि पांच अन्य को आंशिक नुकसान पहुंचा। आग लगने का सही कारण अभी पता नहीं चला है, हालांकि शुरुआती जानकारी के मुताबिक इसकी शुरुआत रसोई से हुई होगी।
चुखू ने कहा कि मृतकों की संख्या बढ़ सकती है और नुकसान का आकलन बाद में किया जाएगा। जिला मुख्यालय कोलोरियांग से अधिकारियों का एक दल बचाव और राहत कार्यों की निगरानी के लिए सुबह घटनास्थल पर पहुंचा।

