महिला एशियन चैंपियंस ट्रॉफी में भारत की जीत से शुरुआत, मलेशिया को 4-1 से दी करारी शिकस्त

भोपाल, 19 नवंबर- मौजूदा चैंपियन भारतीय महिला हॉकी टीम ने महिला एशियन चैंपियंस ट्रॉफी 2026 में जीत के साथ अपने अभियान का शानदार आगाज किया है। गुरुवार को भोपाल के नाथू बरखेड़ा स्थित अंतरराष्ट्रीय खेल परिसर में खेले गए मुकाबले में भारत ने मलेशिया को 4-1 से हराया।

पहले हाफ में दोनों टीमें 1-1 की बराबरी पर थीं, लेकिन दूसरे हाफ में भारतीय खिलाड़ियों ने तीन और गोल दागकर मुकाबला अपने नाम कर लिया।

मुमताज, सलीमा, पूजा और लालरेमसियामी ने किए गोल

मैच के पहले क्वार्टर में दोनों टीमों की ओर से कोई गोल नहीं हुआ। दूसरे क्वार्टर के 19वें मिनट में मलेशिया की खिलाड़ी नूरामीरा जुल्किफली ने फील्ड गोल कर अपनी टीम को 1-0 की बढ़त दिलाई। इसके तुरंत बाद 20वें मिनट में मुमताज खान ने गोल कर भारत को बराबरी पर ला दिया।

तीसरे क्वार्टर में भारतीय टीम ने आक्रामक खेल दिखाया। 35वें मिनट में कप्तान सलीमा टेटे ने पेनल्टी कॉर्नर को गोल में बदलकर भारत को 2-1 से आगे कर दिया। इसके चार मिनट बाद यानी 39वें मिनट में अपना पहला अंतरराष्ट्रीय मैच खेल रहीं पूजा साहू ने पेनल्टी कॉर्नर के जरिए गोल कर स्कोर 3-1 कर दिया। शानदार प्रदर्शन के लिए पूजा साहू को 'प्लेयर ऑफ द मैच' चुना गया।

मैच के चौथे क्वार्टर में 49वें मिनट में लालरेमसियामी ने पेनल्टी कॉर्नर से गोल कर भारत की जीत लगभग पक्की कर दी। इस तरह भारतीय टीम ने 4-1 से मुकाबला जीतकर टूर्नामेंट में तीन अंक हासिल किए।

चीन और जापान ने भी जीत के साथ किया आगाज

टूर्नामेंट के पहले दिन खेले गए अन्य मुकाबलों में चीन ने थाईलैंड को 7-0 से करारी शिकस्त दी, जबकि जापान ने दक्षिण कोरिया को 1-0 से हराया। जापान के लिए हानामी सैटो ने मैच के 59वें मिनट में निर्णायक गोल किया।

पहली बार अंतरराष्ट्रीय हॉकी टूर्नामेंट की मेजबानी कर रहा भोपाल

महिला एशियन चैंपियंस ट्रॉफी 2026 की मेजबानी भोपाल के लिए खास महत्व रखती है, क्योंकि शहर में पहली बार किसी अंतरराष्ट्रीय हॉकी टूर्नामेंट का आयोजन किया जा रहा है। टूर्नामेंट के पहले दिन बड़ी संख्या में हॉकी प्रेमी मैदान में पहुंचे और खिलाड़ियों का उत्साह बढ़ाया।

इस अवसर पर मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव और खेल एवं युवा कल्याण मंत्री विश्वास कैलाश सारंग सहित कई गणमान्य लोग मौजूद रहे।

21 नवंबर को दक्षिण कोरिया से होगा भारत का मुकाबला

टूर्नामेंट में 20 नवंबर को आराम का दिन रखा गया है। इसके बाद 21 नवंबर को भारतीय महिला हॉकी टीम का सामना दक्षिण कोरिया से होगा। मलेशिया के खिलाफ शानदार जीत के बाद भारतीय टीम की कोशिश अगले मुकाबले में भी जीत का सिलसिला जारी रखने की होगी।

#महिला एशियन चैंपियंस ट्रॉफी में भारत की जीत से शुरुआत
# मलेशिया को 4-1 से दी करारी शिकस्त