लक्ष्य सेन ने जीता जापान मास्टर्स का खिताब

कुमामोटो (जापान), 15 नवंबर (पीटीआई)- भारत के बैडमिंटन खिलाड़ी लक्ष्य सेन ने अपना शानदार प्रदर्शन जारी रखते हुए लगातार दूसरा खिताब जीत लिया है। रविवार को जापान में खेले गए कुमामोटो मास्टर्स जापान के फाइनल में उन्होंने घरेलू खिलाड़ी कोकी वातानाबे को हराकर खिताब अपने नाम किया। लक्ष्य सेन ऐसा करने वाले पहले भारतीय खिलाड़ी बन गए हैं।

दुनिया के 13वें नंबर के खिलाड़ी लक्ष्य सेन ने शानदार हौसला दिखाते हुए वातानाबे को 13-21, 21-18, 21-14 से हराया। यह मुकाबला 64 मिनट तक चला। लक्ष्य ने पिछले सप्ताह ही हाइलो ओपन का खिताब जीता था। फाइनल से पहले लक्ष्य सेन का कोकी वातानाबे के खिलाफ रिकॉर्ड 3-2 का था, लेकिन जापानी खिलाड़ी अपने पिछले दोनों मुकाबले जीत चुका था।

आज पहले गेम में वातानाबे ने 21-13 से जीत हासिल की। दूसरे गेम में लक्ष्य ने शानदार वापसी की। उनके तेज शॉट और शानदार स्मैश के सामने वातानाबे को काफी मुश्किलों का सामना करना पड़ा। लक्ष्य ने दूसरा गेम 21-18 से जीतकर मुकाबला बराबर कर दिया।

तीसरे गेम में दोनों खिलाड़ियों के बीच जबरदस्त मुकाबला देखने को मिला। लक्ष्य ब्रेक तक 11-7 से आगे थे। उनके आक्रामक खेल के सामने वातानाबे बेबस नजर आए। इसके बाद लक्ष्य ने तीसरा गेम 21-14 से जीतकर मैच अपने नाम कर लिया।

इस जीत के साथ लक्ष्य सेन ने लगातार दूसरा खिताब जीतकर भारत का मान बढ़ाया।
 

#लक्ष्य सेन ने जीता जापान मास्टर्स का खिताब