अयोध्या से नेपाल तक सीधी ट्रेन: 604 किमी का सफर 19 घंटे में
नई दिल्ली, 22 नवंबर - भारत और नेपाल के बीच रेल संपर्क मजबूत होने जा रहा है। भगवान श्री राम की जन्मभूमि अयोध्या और माता सीता की जन्मस्थली जनकपुर धाम अब सीधी ट्रेन सेवा से जुड़ेंगे। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और नेपाल के प्रधानमंत्री बालेंद्र शाह 23 नवंबर को इस सेवा का वर्चुअल उद्घाटन करेंगे। करीब 604 किलोमीटर लंबे इस रेल मार्ग पर गोरखपुर, बस्ती, रक्सौल और सीतामढ़ी समेत कई प्रमुख स्टेशन पड़ेंगे। इससे दोनों देशों के श्रद्धालुओं को धार्मिक स्थानों तक पहुंचने में आसानी होगी। नई ट्रेन का नाम जनकपुर धाम-अयोध्या कैंट एक्सप्रेस रखा गया है। इसका संचालन ट्रेन संख्या 15595 और 15596 के तहत होगा। 23 नवंबर को अयोध्या से उद्घाटन यात्रा प्रस्तावित है, जबकि आम यात्रियों के लिए नियमित सेवा 28 नवंबर से शुरू होगी। यानी उद्घाटन के पांच दिन बाद यात्री इस ट्रेन से नियमित सफर कर सकेंगे।
इस नई साप्ताहिक एक्सप्रेस ट्रेन का रूट उत्तर प्रदेश, बिहार और नेपाल को जोड़ेगा। रास्ते में कुल 10 प्रमुख भारतीय स्टेशनों पर व्यावसायिक ठहराव निर्धारित किया गया है। इनमें जयनगर, मधुबनी, शीशो(दरभंगा), सीतामढ़ी, रक्सौल, नरकटियागंज, गोरखपुर, बस्ती, मनकापुर और अयोध्या धाम है। जनकपुर धाम और अयोध्या कैंट इसके टर्मिनल स्टेशन होंगे। इस ट्रेन के अयोध्या कैंट और जनकपुर धाम इसके शुरुआती और अंतिम स्टेशन होंगे। जयनगर इस मार्ग का अंतिम भारतीय स्टेशन होगा। यहां से ट्रेन नेपाल में प्रवेश करेगी और जनकपुर धाम पहुंचेगी।

