कोविड-19 न्यूज: कोरोना ने फिर दी दस्तक, 18 देशों में देखा गया नया PJ.2.1 वैरिएंट
नई दिल्ली, 22 नवंबर - साल 2020-23 के बीच दुनियाभर ने कोरोना महामारी के खतरनाक दौर का सामना किया। कोविड-19 रोग का कारण बनने वाला ये वायरस अब पहले जितना प्रभावी तो नहीं रहा है, पर समय-समय पर म्यूटेशन के साथ सामने आने वाले इसके नए वैरिएंट्स लोगों के लिए चिंता जरूर बढ़ाते रहते हैं। पिछले करीब एक साल से कोरोना बिल्कुल शांत स्थिति में था, हालांकि इसमें अब म्यूटेशन के साथ नए वैरिएंट को लेकर फिर से खबरें सामने आ रही हैं।
हालिया रिपोर्ट्स में कोविड का एक नया वैरिएंट PJ.2.1 चर्चा में है। रिपोर्ट्स के मुताबिक इसके स्पाइक प्रोटीन में करीब 24 बदलाव देखे गए हैं। इतना ही नहीं यह अब तक 18 देशों में सामने भी आ चुका है। हाल के दिनों में कनाडा और अमेरिका में इसके बढ़ते मामलों ने वैज्ञानिकों का ध्यान खींचा है।
नए स्ट्रेन के जोखिमों को देखते हुए फिलहाल विश्व स्वास्थ्य संगठन (डब्ल्यूएचओ) ने इसे 'वैरिएंट अंडर मॉनिटरिंग' के रूप में वर्गीकृत किया है। हालांकि, विशेषज्ञों का कहना है कि फिलहाल इससे दुनियाभर में किसी बड़े खतरे की आशंका नहीं है, लेकिन नए वैरिएंट के सामने आने के बाद से लोगों के मन में कोरोना को लेकर फिर से कई सवाल खड़े हो रहे हैं।

