प्रकृति का करिश्मा न्यागरा फाल्ज़

 लगभग 10 हज़ार वर्ष पहले हिमयुग की समाप्ति के समय जब ग्लेशियर पिघले और उत्तरी अमरीका की महान झीलें अस्तित्व में आईं। ईरी झील के पानी ने ओंटारियो झील के साथ मिलने के लिए जिस रास्ते को चुना, वह न्यागरा दरिया बन गया और न्यागरा दरिया के बहाव के कारण ही रास्ते की कमज़ोर चट्टानों के क्षरण बने प्रकृति के स्वप्न का जीता-जागता प्रमाण अटल, अडोल, असीम तथा अनंत न्यागरा फाल्ज़। मंत्रमुग्ध कर देने वाला यह इलाही सुंदरता का करिश्मा है। जिसके अनंत पानियों का संगीत हमेशा के लिए आत्मा में रच जाता है। कनाडा के ओंटारियो तथा यू.एस.ए. के न्यूयार्क प्रांत की सीमा पर बहने वाले दरिया न्यागरा पर स्थित है प्रकृति का यह करिश्मा। प्रकृति की यह हसीन कारीगरी ओंटारियो के शहर टोरांटो से 110 किलोमीटर तथा न्यूयार्क के बफलो शहर से केवल 27 किलोमीटर दूर है। प्रकृति की इस खूबसूरत रचना को पहली बार 1604 में एक फ्रांसीसी सैमुअल डी फैमप्लेन ने देखा तथा शेष दुनिया को इसकी जानकारी दी। तब से ही यह अद्भुत दृश्य कलाकारों, लेखकों, सैलानियों, कलाकारों तथा फिल्में बनाने वालों के लिए लगातार आकर्षण का केन्द्र बना हुआ है।  न्यागरा फाल्ज़ का एक हिस्सा कनाडा तथा दूसरा अमरीका में आता है। अमरीका की तरफ वाला हिस्सा आगे दो हिस्सों में बंटा हुआ है। अगर सीधे-तौर पर देखें तो पहले अमरीकन फाल, फिर लूना आईलैंड, फिर ब्राइडल वेल फाल फिर गोट आइलैंड के बाद कनाडा का हिस्सा जिसको हार्श शू फाल कहा जाता है। कनाडा के हिस्से वाले फाल की शक्ल घोड़े की नाल जैसी है। यही हिस्सा इस सारे फाल का सबसे खूबसूरत हिस्सा है। न्यागरा नदी का 85 प्रतिशत पानी इस हिस्से में से गिरता है। 2600 फुट लम्बे हार्श शू वाले फाल का तूफानी पानी 173 फुट की ऊंचाई से जब गिरता है तो धरती के रोमांचकारी नज़ारों में से एक नज़ारा पेश करता है। न्यागरा जितना खूबसूरत है उतना ही खतरनाक। खतरों को मोल लेने वाले खिलाड़ी भी इसकी तरफ खिंचे चले आते हैं। मारिया सपैलेटरीनी ने 4 जुलाई, 1876 को रस्सी पर चलकर इसको पार किया था। 1829 को समपैच नाम के एक व्यक्ति ने न्यागरा फाल के ऊपर से छलांग लगा दी थी। इसी तरह 1901 को एनी एंड्रसन नाम की एक 63 वर्षीय अध्यापिका पहली महिला थी जिसने एक बैरल में नीचे छलांग लगाई। जो बच तो गई परन्तु बुरी तरह से घायल हो गई। इसी तरह खतरनाक स्टंट करते हुए बहुत सारे लोग इन बेशुमार पानियों में हमेशा के लिए समा गए।