दस पेपर एप्पल क्या उंगली पर बैलेंस किये जा सकते हैं ?

बच्चो! यह तो आपको मालूम है कि जब न्यूटन ने पेड़ से सेब को नीचे गिरते हुए देखा तो उन्हें ग्रेविटी समझ में आयी और इसके बाद उन्होंने मोशन संबंधी अपने तीनों चर्चित नियमों का गठन किया। अब सवाल यह है कि जब ग्रेविटी के कारण हर चीज़ को पृथ्वी नीचे की ओर खींचती है तो क्या आप अपनी उंगली पर एक सेब को बैलेंस कर सकते हैं? क्या कहा- कर सकते हैं, बहुत अच्छा। बहरहाल, अब मैं आपको एक प्रयोग के बारे में बताऊंगा जिसमें आप खुद रंगीन पेपर एप्पल या सेब बनायेंगे और फिर उन्हें बैलेंस करने की कोशिश करेंगे। लेकिन उससे पहले मैं आपको कुछ ज़रूरी चीज़ें बताना चाहता हूं।
किसी चीज़ को बैलेंस करने का अर्थ है कि उसे स्थिर पोजीशन में रखना जहां वह टिकी रहे। वज़न का बराबर वितरण किसी चीज़ को बैलेंस या स्थिर रखने में मदद करता है। जब आप किसी चीज़ को बैलेंस करने का प्रयास करते हैं, तो उसमें ग्रेविटी अनेक प्रकार से काम करती है। अब सवाल यह है कि बैलेंस क्या है? बैलेंस का संबंध उस क्षमता से है, जो किसी चीज़ को स्थिर या नियंत्रित अवस्था में रखती है। इसमें उन विपरीत बलों में संतुलन स्थापित किया जाता है जो किसी चीज़ पर कार्य कर रहे होते हैं। दरअसल, बच्चो! जब तुम यह कोशिश करते हो कि कोई चीज़ गिरे नहीं तो आप उसकी पोजीशन को एडजस्ट करते हैं और इसे ही बैलेंस कहते हैं।
अब ग्रेविटी क्या है? वह बल जो चीज़ों को पृथ्वी के केन्द्र की ओर खींचता है, उसे ग्रेविटी कहते हैं। इसी की वजह से चीज़ों में वज़न पैदा होता है और वह ज़मीन पर टिकी रहती हैं। चूंकि चीज़ के मास के अनुपात में ग्रेविटी का बल या फोर्स होती है, इसलिए भारी चीज़ें अधिक ग्रेविटी अनुभव करती हैं। जब आप किसी चीज़ को बैलेंस करने का प्रयास कर रहे होते हैं तो दोनों ग्रेविटी व बैलेंस एक-दूसरे पर कार्यरत होते हैं जिससे यह काम चुनौती बन जाता है। हर चीज़ के अंदर एक पॉइंट होता है, जिसे सेंटर ऑफ ग्रेविटी कहते हैं। वहां ग्रेविटी का बल कार्य करता है जैसे वहां केंद्रित हो गया हो। जो चीज़ें सिमेट्रिकल होती हैं जैसे गेंद, तो उनकी सेंटर ऑफ ग्रेविटी उनके जियोमेट्रिक केन्द्र में होती है। अनियमित आकार की चीज़ों में सेंटर ऑफ ग्रेविटी तय करना कठिन होता है।
पेपर एप्पल बैलेंस प्रयोग के लिए थोड़ी सख्त पेपर प्लेट ले लें और साथ ही कलर पेंसिल व क्लॉथपिंस भी। पेपर प्लेट पर एप्पल टेम्पलेट प्रिंट या ट्रेस कर लें और अपनी पसंद के अनुरूप इन क़ागज़ के सेबों को कलर कर लें। एप्पल के नीचे दो क्लॉथपिन लगा दें। मैं आपको हिंट देता चलूं कि क्लॉथपिन लगाने की जगह एप्पल के निचले हिस्से हैं। यह करने के बाद अब आप एप्पल को अपनी उंगली पर बैलेंस करने की कोशिश करें। क्या आप ऐसे दस एप्पल बैलेंस कर सकते हैं? जब आप यह कोशिश कर रहे होंगे तो आपको जो कुछ मैंने ग्रेविटी व बैलेंस के बारे में बताया है, वह अच्छी तरह से समझ में आ जायेगा। है न मजेदार बात? 
-इमेज रिफ्लेक्शन सेंटर