ईल क्या है ?    

‘दीदी, सांप सी दिखायी देने वाली ईल क्या है- मछली या सांप?’
‘ईल मछली है और इसे हिंदी में बाम मछली कहते हैं।’
‘ईल के मछली होने के गुण क्या हैं?’
‘अन्य मछलियों की तरह ईल भी पानी में रहती है, उसके भी रीढ़ की हड्डी होती है और गिल्स या गलफड़ा के ज़रिये वह भी सांस लेती है। वह कोल्ड-ब्लडेड होती है यानी उसके शरीर का तापमान उसके आसपास के वातावरण जैसा ही रहता है।’
‘तो ईल किस किस्म के पानी में अधिक रहती है?’
‘अधिकतर प्रकार की ईल्स समुद्र में रहती हैं। ईल की कुछ प्रजातियां लम्बे समय तक ताज़ा पानी में भी रहती हैं, लेकिन वह भी अपने जीवन का कुछ हिस्सा खारे पानी में गुज़ारती हैं। सभी ईल खारे पानी में अंडे देती हैं।’
‘ईल की कौन सी प्रजातियां केवल खारे पानी में रहती हैं?’
‘कंगर ईल्स और मोरे ईल्स सिर्फ खारे पानी में रहती हैं और यह दक्षिण कैलिफोर्निया के तट, मेक्सिको की खाड़ी और अमरीका के अटलांटिक तट पर पायी जाती हैं। वैसे उत्तर अमरीका में सबसे आम ईल फ्रेशवाटर ईल हैं, जो अटलांटिक से मिसिसिप्पी नदी तक की झीलों, तालाबों व स्ट्रीम्स में पायी जाती हैं।’
‘ईल खाती क्या हैं?’
‘ईल बहुत सी चीज़ें खाती हैं जैसे मृत मछली और छोटे जीवित प्राणी। ईल सबसे अधिक सक्रिय रात में होती हैं। कभी-कभी देर दोपहर में छोटी ईल आपको उथले खारे पानी में फीड करती हुई मिल जायेंगी। जब उन्हें परेशान किया जाता है तो वह तेज़ी से रेत के अंदर घुस जाती हैं।’
‘क्या अन्य मछलियों की तरह ईल की त्वचा भी चिकनी होती है?’
‘ईल की त्वचा चिपचिपी चिकनी होती है क्योंकि उसमे म्यूकस होता है। लेकिन फ्रेशवाटर ईल व कुछ अन्य ईल्स की त्वचा पर छोटे-छोटे स्केल्स होते हैं।’
‘अच्छा, फ्रेशवाटर ईल्स अपने अंडे कहां देती हैं?’
‘हालांकि वह ताज़ा पानी में रहती हैं, लेकिन लम्बी दूरी तय करके खारे पानी में जाकर अंडे देती हैं। बहुत कम मछली हैं जो बिना मरे समुद्र से ताज़ा पानी में और ताज़ा पानी से समुद्र में चली जाती हैं। बायोलॉजिस्ट्स का मानना है बॉडी म्यूकस ईल को इस परिवर्तन के दौरान नुकसान से बचाता है। ईल में घाव से उबरने की भी ़गज़ब की क्षमता होती है, जबकि अन्य मछली घाव से मर जाती हैं।’

-इमेज रिफ्लेक्शन सेंटर 
 

#ईल क्या है ?