हिमाचल सरकार अपने मित्रों को फायदा पहुंचा रही है, सरकारी कर्मचारियों पर कर रही है अत्याचार - अनुराग ठाकुर

हमीरपुर (हिमाचल प्रदेश), 4 सितंबर- भाजपा सांसद अनुराग ठाकुर ने कहा कि हिमाचल प्रदेश ने इतने बुरे दिन कभी नहीं देखे। कांग्रेस ने 1500 रुपए देने की बात कही थी और डेढ़ साल से ज्यादा हो गया, हिसाब-किताब वैसे का वैसा है। डीए नहीं मिल रहे और पेंशनधारियों को उनका हक नहीं मिल पा रहा है। मुख्यमंत्री कह रहे हैं कि बीजेपी ने 600 स्कूल, कॉलेज और अस्पताल खोले हैं इसलिए वे वेतन नहीं बांट पा रहे हैं। स्कूल-अस्पताल नहीं खोलेंगे तो सरकार और क्या करेगी? यह सरकार अपने मित्रों को फायदा पहुंचा रही है लेकिन सरकारी कर्मचारियों पर अत्याचार कर रही है।