हिमाचल से दिल्ली लाई जा रही 80 लाख की मलाना क्रीम चरस बरामद, दो तस्कर गिरफ्तार

 


नई दिल्ली,10 अक्टूबर  दिल्ली पुलिस की अपराध शाखा ने अंतरराज्यीय ड्रग तस्करी नेटवर्क पर बड़ी कार्रवाई करते हुए दो तस्करों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने उनके कब्जे से 2.070 किलोग्राम उच्च गुणवत्ता की चरस (मलाना क्रीम) बरामद की है, जिसकी अंतरराष्ट्रीय बाजार में कीमत करीब 80 लाख बताई जा रही है।
      अपराध शाखा के पुलिस उपायुक्त संजीव कुमार यादव ने आज बताया कि 8 अक्टूबर को एआरएससी/क्राइम ब्रांच की टीम ने विशेष सूचना के आधार पर कार्रवाई की। इंस्पेक्टर मेंगेश त्यागी और इंस्पेक्टर रॉबिन त्यागी के नेतृत्व में एसीपी संजय नागपाल की देखरेख में टीम ने  जाल बिछाकर दो आरोपियों सागर सेजवाल और मनोज संसानवाल को एक टाटा नेक्सॉन कार में गिरफ्तार किया। कार का उपयोग नशा छिपाने और दिल्ली लाने में किया जा रहा था।
       पूछताछ में सामने आया कि दोनों आरोपी हिमाचल प्रदेश से चरस लाकर दिल्ली और आसपास के इलाकों में आपूर्ति करते थे। त्योहारों के मौसम में नशे की मांग बढ़ने के कारण वे बड़ी खेप दिल्ली लाने की कोशिश कर रहे थे।
      

#हिमाचल