लोगों की खुशी और संतुष्टि ही गरीबी घटने का गवाह बनेगी

प्रधानमंत्री की बात मानें तो इस देश में अब गरीब नहीं रहे। वो विश्व बैंक की रिपोर्ट को कोट कर रहे हैं जिसके मुताबिक 2011 से 2023 तक 50 करोड़ लोगों को गरीबी की रेखा से ऊपर लाया गया है। ज़ाहिर है कोई भी सरकार होती तो इस बात का ढिंढोरा पीटती। मोदी सरकार ढिंढोरा पीटने में उस्ताद है, हर सरकार से मीलों आगे। तो कुछ ज्यादा ही प्रचार किया जा रहा है। प्रधानमंत्री हर प्लेटफार्म से ये कहने से नहीं चूकते। अगर हकीकत वाकई ये होती, जो प्रधानमंत्री कह रहे हैं या जो विश्व बैंक बता रहा है तो फिर इस देश में इस वक्त दूध और दही की नदियां बह रही होतीं। गरीब बस्तियां नहीं होतीं। झुग्गी झोपड़ी नहीं होते। सड़क चौराहों पर भीख मांगते बच्चे और बुजुर्ग नहीं दिखते। अगर कहीं कोई गरीब नहीं होता तो सरकार 80 करोड़ लोगों को मुफ्त खाना खिलाने का दावा नहीं करती।
सबसे पहले तो ये समझ लें कि इस देश में गरीबी हटाने का दावा कोई पहली बार नहीं किया गया है। इसके पहले मनमोहन सिंह सरकार के समय भी 27 करोड़ लोगों को गरीबी की रेखा से ऊपर लाया गया था। खुद नीति आयोग की रिपोर्ट कहती है, 2005/6 से 2015/16 के बीच 26.93 करोड़ लोगों को गरीबी की रेखा से ऊपर लाया गया है। आक्सफोर्ड पावर्टी एंड ह्यूमन डेवलपमेंट इनिशिएटिव की रिपोर्ट भी इस बात की तस्दीक करती है। यानी देश में गरीबी घट रही है। इसमें कोई दो राय नहीं कि 1991 में आर्थिक सुधार करने के बाद से आम जन की आर्थिक स्थिति में सुधार आया है। भारत की अर्थव्यवस्था ने गति पकड़ी है और इसका साइज भी बड़ा हुआ है। मनमोहन सिंह ने जब 2004 में देश की बागडोर संभाली था तब अर्थव्यवस्था का आकार 704 बिलियन डालर था जो 2014 में 2.04 ट्रिलियन डालर हो गया यानी जब मनमोहन सिंह ने पद छोड़ा तो अर्थव्यवस्था के आकार में 185 प्रतिशत की वृद्धि दिखी। मोदी के बारह साल में भारतीय अर्थव्यवस्था का आकार तकरीबन 4.15 ट्रिलियन डालर हो गया यानी अर्थव्यवस्था के आकार में विस्तार तकरीबन 100 प्रतिशत हुआ। कहने का अर्थ है कि मनमोहन सिंह के समय अर्थव्यवस्था में ज्यादा सुधार हुआ और उसका फायदा आम जन को हुआ। उस लिहाज़ से 27 करोड़ का आंकड़ा हैरान नहीं करता। 
प्रधानमंत्री जब 50 करोड़ का दावा करते हैं तो एक बात छिपा ली जाती है कि ये आकंड़ा 2011 से 2023 तक का है। इन बारह सालों में 2011 से 2014 तक मनमोहन सिंह प्रधानमंत्री थे। यानी जो दावा प्रधानमंत्री जी कर रहे हैं, उसमें एक तिहाई योगदान मनमोहन सिंह का भी है। ये बात जनता को नहीं बताई जाती। ये बात छिपा ली जाती है और सारा क्रेडिट खुद को दे दिया जाता है। दूसरी बात विश्व बैंक का विश्लेषण भारत सरकार के द्वारा दिये गये आंकड़ों पर निर्भर होता है और हमें ये नहीं भूलना चाहिये कि भारत की अर्थव्यवस्था के आंकड़ों को आईएमएफ ने सी कैटेगरी में डाल दिया है जिसका सीधा अर्थ है कि हमारे आंकड़े संदिग्ध हैं यानी उनकी विश्वसनीयता पर सवाल है। ये सही आंकड़े हैं या नहीं, ये दावे से नहीं कहा जा सकता। ये बात सरकार के पूर्व मुख्य आर्थिक सलाहकार अरविंद सुब्रह्मण्यम भी कई बार कह चुके हैं। पिछली बार जब सरकार ने पिछली तिमाही की जीडीपी ग्रोथ 7.8 प्रतिशत बताई थी, तब पूर्व वित्त सचिव सुभाष चंद्र गर्ग ने इन आंकड़ों को सही नहीं माना था और दावा किया था कि सरकार के अपने आंकड़ों के मुताबिक जीडीपी की ग्रोथ तकरीबन 2.6 प्रतिशत है। तब काफी विवाद हुआ था और सरकार को सफाई देनी पड़ी थी। गर्ग और सुब्रह्मण्यम दोनों ही मोदी के साथ काम कर चुके हैं। 
हकीकत ये है कि तमाम बड़े दावों के बावजूद भारत की अर्थव्यवस्था की हालत ठीक नहीं है। एक समय था जब सरकार कहती थी कि भारत बहुत जल्दी तीसरी सबसे बड़ी अर्थव्यवस्था हो जायेगा। अब उसने ये कहना बंद कर दिया है क्योंकि आकार के हिसाब से अर्थव्यवस्था चौथे स्थान से खिसक कर छठे स्थान पर आ गई है। साथ ही शेयर बाज़ार भी सिकुड़ कर सातवें स्थान पर पहुंच गया है। पिछले एक साल में शेयर बाज़ार से तीस लाख करोड़ रुपए उड़ गये हैं। तकरीबन तीस बिलियन डालर का विदेशी पूंजी निवेश भारत से बाहर गया है। अब अमरीका में रिपब्लिकन पार्टी की करारी हार और एनवीडिया के संकट के बाद भारत के बाज़ार में पिछले एक महीने में तकरीबन दस बिलियन डालर विदेशी निवेश वापस आया है। अगर भारतीय अर्थव्यवस्था में विदेशी निवेशकों का विश्वास कम हुआ था, तभी तो 30 बिलियन डालर भारत से बाहर गये। अब अंतर्राष्ट्रीय घटनाक्रम की वजह 10 बिलियन वापस आया है लेकिन ये भारत सरकार की कोशिशों की वजह से नहीं हुआ। 
भारत में इस वक्त सबसे बड़ी समस्या बेरोज़गारी और महंगाई की है। नीति आयोग की रिपोर्ट के मुताबिक 8.7 करोड़ लोग न स्कूल में हैं और न ही किसी रोज़गार में, और न ही किसी स्किल ट्रेनिंग में हैं। सिर्फ 8.25 प्रतिशत ग्रेजुएट्स को उनकी योग्यता के हिसाब से नौकरी मिल रही है। अजीम प्रेमजी विश्वविद्यालय के अध्ययन के मुताबिक 15 से 25 साल के युवाओं में बेरोज़गारी का आंकड़ा 40 प्रतिशत है। सिर्फ 7 प्रतिशत ग्रेजुएट्स को एक साल में नौकरी मिल रही है। ये आंकड़े डराने वाले हैं। ये अकारण नहीं है कि जुलाई के महीने में इतनी बड़ी संख्या में युवा और छात्र जंतर मंतर पर जुटे और सरकार को अपने शिक्षा मंत्री का इस्तीफा लेना पड़ा। महंगाई का आलम ये है कि डब्ल्यू.पी.आई. यानी थोक मूल्य सूचकांक 12.29 प्रतिशत है। आर.पी.आई. (खुदरा मूल्य सूचकांक) 6.09 प्रतिशत है जो रिजर्व बैंक के द्वारा निर्धारित सीमा से अधिक है। खाद्य मुद्रास्फीति 8.3 प्रतिशत है। 
ये आंकड़े सरकार की पोल खोलते हैं। अगर सब कुछ ठीक है, जैसा सरकार दावा करती है तो सवाल ये उठता है कि लोगों के चेहरे खिले हुये क्यों नहीं? लोग क्यों महंगाई से परेशान हैं? बेरोज़गार युवा क्यों सड़कों पर आंदोलन कर रहा है? पेपर लीक के नाम पर उसका गुस्सा क्यों फूट रहा है? सरकार इन सवालों से कन्नी काट लेती है या विपक्ष को देशद्रोही और अराजक बताती है। अगर सब कुछ चंगा है तो फिर फिक्की की वार्षिक बैठक में प्रधानमंत्री क्यों कारपोरेट जगत को डांट पिलाते हैं कि सरकार तो उनका पेट भरती जा रही है लेकिन वो न तो कर्मचारियों की आय बढ़ाते हैं, न रोज़गार देते हैं और न ही अच्छे प्रोडक्ट बनाते हैं? प्रधानमंत्री का गुस्सा जायज़ हो सकता है लेकिन अगर कारपोरेट जगत में गति नहीं है, वो अपना काम नहीं कर रहा है तो फिर सरकार पिछले बारह साल हाथ पर हाथ धरे क्यों बैठी रही? मोदी सरकार के बारे में तो कहा जाता है कि वो कारपोरेट समर्थक सरकार है। उनके समय में अडानी और अंबानी का साम्राज्य कुलांचें मार रहा है। भारत के बारे में ये मशहूर है कि यहां समतामूलक विकास नहीं हो रहा। यानी अमीर और अमीर हो रहा है तथा गरीब और गरीब। मौजूदा आंकड़ों के मुताबिक ऊपर के 1 प्रतिशत लोगों के पास देश की 40.1 प्रतिशत संपत्ति है जो मनमोहन सिंह के समय में 31.6 प्रतिशत थी। आज ज़रूरत इस बात की है कि सरकार उस तबके के बारे में सोचे जिसके वोट से वो सत्ता में है। नहीं तो आने वाले दिनों में काफी मुसीबत होगी। आंकड़ों की बाजीगरी से काम नहीं चलेगा। गरीब बेचारा पिस रहा है, उसकी सांस अटकी हुई है।

#लोगों की खुशी और संतुष्टि ही गरीबी घटने का गवाह बनेगी