समानता और समरसता का स्रोत है प्रकाश-पर्व

भारत की धार्मिक और सांस्कृतिक धरा पर गुरु नानक देव जी का स्थान केवल एक महान संत या धर्म प्रवर्तक भर का नहीं है बल्कि वह एक ऐसे युग दृष्टा हैं, जिन्होंने मनुष्य को उसकी जाति, धर्म, भाषा और सामाजिक हैसियत से ऊपर उठकर देखने की दृष्टि दी। आगामी 24 नवम्बर 2026 को उनका मनाया जाने वाला 557वां प्रकाश पर्व इसी महान विचार और परम्परा के स्मरण व आत्ममंथन का दिन है। लगभग साढ़े पांच शताब्दी पहले गुरु नानक देव जी ने जिस समाज की परिकल्पना की थी, उसकी बुनियाद समानता, प्रेम, श्रम, ईमानदारी और मानव सेवा पर टिकी थी। इससे अंदाजा लगाया जा सकता है कि भारत में महान आत्माओं के जरिये कितनी शताब्दियों पहले ही आधुनिक लोकतांत्रिक, समानता और समता का प्रकाश फैलाया गया था।
गुरु नानक देव जी का जन्म वर्तमान में पाकिस्तान में स्थित ननकाना साहिब यानी तलवंडी में सन् 1469 में हुआ था। गुरु नानक देव जी ने ऐसे दौर में अपनी आध्यात्मिक यात्रा शुरू की, जब समाज अनेक धार्मिक रूढ़ियों, जातिगत भेदभावों और कर्मकांडों से घिरा था। उन्होंने धर्म को बाहरी आडंबरों से मुक्त कर मनुष्य के आचरण और अंतर्मन से जोड़ने का प्रयास किया। उनका प्रमुख संदेश है ‘इक ओंकार’। यह इस बात का संकेत है कि परमात्मा एक है और उसकी सृष्टि में सभी मनुष्य समान हैं। गुरु नानक देव जी की तीन प्रमुख शिक्षाएं हैं- नाम जपो, किरत करो और वंड छको अर्थात ईश्वर का स्मरण करो, ईमानदारी से मेहनत करके अजीविका कमाओ और अपनी कमाई तथा संसाधनों को जरूरतमंदों के साथ भी बांटो। आज जब उपभोक्तावाद, व्यक्तिगत सफलता की अंधी दौड़ और आर्थिक विषमता सामाजिक जीवन को प्रभावित कर रही है, तब गुरु नानक देव जी के सिद्धांत विकास की एक मानवीय कसौटी प्रस्तुत करते हैं। गुरु नानक का संदेश है कि कमाई केवल व्यक्तिगत समृद्धि का साधन न बने बल्कि उससे समाज के कमजोर वर्गों का जीवन भी बेहतर हो।
गुरु नानक देव जी का सबसे महत्वपूर्ण सामाजिक योगदान समानता की स्थापना है। उन्होंने जाति के आधार पर ऊंच-नीच, धार्मिक श्रेष्ठता और स्त्री-पुरुष के बीच भेदभाव का विरोध किया। उनका दृष्टिकोण स्पष्ट था कि किसी मनुष्य की पहचान उसके जन्म से नहीं बल्कि उसके कर्म व आचरण से होनी चाहिए। आज जब दुनिया में जगह-जगह धार्मिक पहचान के आग्रह, नस्ल का उन्माद, भाषा तथा समुदाय के आधार पर श्रेष्ठता का दम्भ फैला हुआ है, तब गुरु नानक के विचार विशेष रूप से दुनिया को रोशनी दिखाते हैं क्योंकि उनका संदेश किसी एक धर्म या समुदाय तक सीमित नहीं था। उन्होंने हिंदू-मुसलमानों दोनों समुदायों के लोगों के साथ संवाद किया। मनुष्य के भीतर मौजूद साझी आध्यात्मिक चेतना को महत्व दिया। उनकी वाणी में धार्मिक सहिष्णुता के साथ-साथ आत्मालोचना का साहस भी है। वह मनुष्य को दूसरों की कमियां देखने से पहले खुद की कमियों को भी देखने या ध्यान रखने की बात कहते हैं। वर्तमान में यह दृष्टि इसलिए भी ज़रूरी है, क्योंकि असहमति को शत्रुता में बदलने की हावी प्रवृत्ति सभी तरह के सामाजिक सद्भाव को कमजोर करती है। गुरु नानक देव जी की विचारधारा को व्यवहार में उतारने वाली सबसे प्रभावशाली परंपरा ‘लंगर’ है। 
वास्तव में एक साथ बैठकर खाना समानता का सबसे जीवंत उदाहरण है और इसकी शुरुआत गुरु नानक देव जी ने की थी। गुरुद्वारों में चलने वाली साझी रसोई महज भूख मिटाने की व्यवस्था नहीं है बल्कि सामाजिक एकता का एक अनूठा प्रयोग भी है, जो प्रयोग गुरु नानक देव जी ने किया। यहां अमीर, गरीब, ऊंच-नीच, जाति और धर्म के भेदभाव से परे सभी लोग एक पंक्ति में बैठकर भोजन करते हैं, जिसे ‘पंगत’ कहा जाता है। इस परंपरा का जितना महत्व गुरु नानक देव जी के समय में था, उतना ही आज भी है। इसमें जरा भी कमी नहीं आयी है। दुनिया के अनेक हिस्सों में आज जब भुखमरी, खाद्य सुरक्षा और आर्थिक विषमता की गंभीर चुनौतियां बनी हुई हैं, तब लंगर की व्यवस्था, साझा संसाधनों और सामूहिक जिम्मेदारी का एक ऐसा संदेश है, जिसे मानवता का सर्वश्रेष्ठ गुण कहा जा सकता है। इसमें भोजन ग्रहण करने वाला व्यक्ति केवल सहायता पाने वाला नहीं बल्कि समान गरिमा वाला सहभागी होता है।
गुरु नानक देव जी ने अपने समय की सभी तरह की रूढ़िवादी सामाजिक मान्यताओं को चुनौती दी थी, जिनमें महिलाओं को कमतर समझने की बात भी थी। गुरु नानक देव जी की वाणी में स्त्री के महत्व को स्वीकार करने और उसके प्रति सम्मान का स्पष्ट संदेश मिलता है। उनका प्रसिद्ध कथन है, ‘सो क्यों मंदा आखियै, जित जम्मे राजान’ अर्थात उस स्त्री को बुरा क्यों कहा जाए, जिसके गर्भ से राजा तक जन्म लेते हैं। आज जब महिलाओं की शिक्षा, सुरक्षा, समान अवसर और आत्मनिर्भरता के प्रश्न समाज के सामने हैं, तब यह विचार केवल आध्यात्मिक संदेशभर नहीं बल्कि सामाजिक न्याय की मजबूत बुनियाद बन सकता है। स्त्री को सम्मान और समान अधिकार देने की सोच गुरु नानक देव जी की प्रगतिशील दृष्टि को रेखांकित करती है। उनकी शिक्षाओं का एक महत्वपूर्ण पक्ष प्रकृति और पर्यावरण के प्रति सम्मान भी है। जपुजी साहिब में उनकी वाणी हैं, ‘पवन गुरु, पानी पिता, माता धरत महतु अर्थात हवा गुरु है, पानी पिता है और धरती महान माता है। यह पंक्ति आज के पर्यावरण संकट के संदर्भ में असाधारण अर्थ रखती है। 
गुरु नानक का प्रकृति संबंधी चिंतन इन्सान को यह समझाता है कि धरती केवल उपभोग की वस्तु नहीं है बल्कि जीवन का आधार है। प्रकृति के साथ संतुलन बनाकर रखना भी एक तरह से आध्यात्मिक और नैतिक जिम्मेदारी है। गुरु नानक का जितना योगदान धर्म को मानवीय बनाने में है, उतना ही महत्वपूर्ण उनका योगदान सामाजिक संरक्षण के क्षेत्र में भी है। उनका 557वां प्रकाश पर्व सिख समुदाय का धार्मिक उत्सव नहीं बल्कि समूची मानवता को रोशनी दिखाने का महान दिन है।
-इमेज रिफ्लेक्शन सेंटर 

#समानता और समरसता का स्रोत है प्रकाश-पर्व