दीपिका पादुकोण द्रौपदी का किरदार निभाएंगी

देखा जाए तो पहले समय के मुकाबले आज के दौर में फिल्म निर्माण के मामले में मुकाबलेबाज़ी और ज्यादा तीखी हो गई है। फिल्में करोड़ों की लागत से बन रही हैं। बहुत कुछ ऐसा हो रहा है जो पहले फिल्मों में दिखाई नहीं देता था। यह कहना है बॉलीवुड की बहु-चर्चित अभिनेत्री दीपिका पादुकोण का, जो अब तक फिल्मी सफर के दौरान विभिन्न किरदारों को निभाते हुए अपनी दमदार अदाकारी का शानदार प्रदर्शन कर चुकी है। चर्चा है कि अब दीपिका महाभारत की ‘द्रौपदी’ के किरदार को बड़े पर्दे पर पेश करने की तैयारी में है। सुनने में आया है कि महाभारत की पौराणिक कहानी को एक बार फिर बड़े पर्दे पर उतारा जायेगा और उसमें दीपिका मुख्य भूमिका निभाते हुए फिल्म प्रेमियों के रू-ब-रू होगी। सभी जानते हैं कि महाभारत हमेशा ही भारत की सबसे लोकप्रिय और सबसे महत्वपूर्ण कहानियों में से एक रही है। यही वजह है कि दीपिका इस फिल्म को लेकर बेहद उत्साहित दिखाई दे रही है। दीपिका कहती है कि वो द्रौपदी की भूमिका निभाने के लिए रोमांचित और सम्मानित महसूस कर रही है।  सभी जानते हैं कि दीपिका न केवल आज सबसे बड़ी भारतीय अभिनेत्री हैं, बल्कि एक ऐसी शख्सीयत भी हैं कि जो इस कथा को देश-दुनिया तक अच्छे तरीके से पहुंचा सकती है।

—नरेन्द्र लागू