बैक्टीरिया कहां रहता है ?

दीदी, पृथ्वी पर जीवन का सबसे आम रूप कौन सा है?’
‘बैक्टीरिया है शायद।’
‘वह क्या होता है?’
‘बैक्टीरिया माइक्रोओर्गानिज्म हैं, जिसका अर्थ है कि उन्हें सिर्फ माइक्रोस्कोप के जरिये ही देखा जा सकता है। बैक्टीरिया केवल एक सेल या कोशिका के ही होते हैं और उनमें दोनों पौधों व जानवरों के कुछ फीचर्स होते हैं।’
‘बैक्टीरिया रहते कहां हैं?’
‘बैक्टीरिया की लगभग 2,000 प्रजातियां हैं और वह हर जगह व कहीं भी रहते हैं। कुछ मुंह में, नाक में और मानव सहित पशुओं की आंतों में भी रहते हैं। अन्य बैक्टीरिया टूटे पत्तों, मरे पेड़ों, एनिमल वेस्ट व शवों पर रहते हैं।’
‘पानी व फूड में भी तो रहते हैं, मैंने सुना है।’
‘हां, ताज़े व नमकीन पानी में, दूध में और अधिकतर फूड्स में भी रहते हैं। वह धूल में, मिट्टी में और सीवेज में भी रहते हैं।’
‘तो बैक्टीरिया जिन चीज़ों में रहते हैं उसे ही खाते होंगे।’
‘कुछ बैक्टीरिया हाइड्रोजन गैस, अमोनिया, आयरन कंपाउंड्स व पैराफिन जैसे पदार्थों को भी अपने फूड के रूप में प्रयोग करते हैं। कुछ तो उन तेज़ाबों व गैसों को भी बतौर फीड प्रयोग करते हैं जो मानव के लिए ज़हर हैं।’
‘बैक्टीरिया किस चीज़ से मर सकते हैं?’
‘अधिकतर बैक्टीरिया अत्यधिक हीट से मर जाते हैं, लेकिन कुछ गर्म चश्मों में भी रहते हैं। फ्रीज़िंग से उनकी ग्रोथ रुक सकती है, लेकिन आमतौर से इससे बैक्टीरिया मरते नहीं हैं। वह लम्बे समय तक निष्क्रिय रह सकते हैं। नमक के ढेर में ऐसे बैक्टीरिया फ्रोजन मिले हैं जो सैंकड़ों मिलियन वर्ष पुराने हैं। ये बैक्टीरिया लेबोरेटरी में सक्रिय हो गये।’
‘अगर बैक्टीरिया लगभग सभी स्थितियों में जीवित रह सकते हैं तो क्या उनसे मनुष्य जबरदस्त खतरे में नहीं है?’
‘किस्मत से अधिकतर बैक्टीरिया नुकसान नहीं पहुंचाते हैं या वास्तव में अन्य जीवन के लिए लाभकारी होते हैं। मृत पौधों व जानवरों को नष्ट करने में बैक्टीरिया की भूमिका हैं। मनुष्य व पशुओं की पाचन क्रिया में भी बैक्टीरिया की महत्वपूर्ण भूमिका है। जीवन का समर्थन करने वाली फूड श्रृंखला में बैक्टीरिया अहम कड़ी हैं। उनका प्रयोग फर्मेंटेशन प्रक्रिया में किया जाता है, जिससे खास किस्म के फूड, ड्रग्स व अन्य उत्पाद बनते हैं।’

-इमेज रिफ्लेक्शन सेंटर