अच्छी नींद लेने के टिप्स

अच्छे स्वास्थ्य और सौंदर्य के लिए गहरी नींद अत्यंत आवश्यक है। रात में गहरी नींद लेने के पश्चात् दूसरे दिन जो चुस्ती एवं ताजगी महसूस होती है वह किसी टॉनिक से प्राप्त नहीं हो सकती। नि:संदेह इससे व्यक्ति की कार्यक्षमता बढ़ती है। सच पूछें तो मीठी और गहरी नींद में जो आनंद प्राप्त होता है वह अत्यंत दुर्लभ है।
प्रतिदिन निश्चित समय पर सोएं चाहे सर्दी हो या गर्मी। रात को 10 बजे तक अवश्य सो जाएं। सुबह 5 या 6 बजे तक उठना भी उतना ही आवश्यक है जितना समय पर सोना।
सोने से तात्पर्य बिस्तर पर लेटे रहने से नहीं है वरन नींद लेने से है। यदि नींद अधिक इंतजार करवाती है तो अनिद्रा की स्थिति के लिए चिकित्सक का परामर्श ले।
सोने से एक घंटे पूर्व मीठा गुनगुना दूध पीना लाभदायक होता है। इससे शरीर और मस्तिष्क को शांति मिलती है मीठी गहरी नींद भी आती है।
सप्रयास नींद का लबादा ओढ़ने के बजाय स्वाभाविक रूप से नींद आने दें। इसके लिए आवश्यक है कि पूरा शारीरिक एवं मानसिक श्रम किया जाए। निश्चय ही परिश्रम की थकान के बाद अच्छी नींद आती है।
रात का भोजन सोने से 2, 3 घंटे पूर्व अवश्य करें। रात का भोजन हल्का लें भारी एवं गरिष्ठ भोजन एवं ठूस-ठूस कर खाना खाने से अपच तथा अनिद्रा का होना स्वाभाविक है।
सोने के लिए बिस्तर स्वच्छ, मुलायम और आरामदेह होना अत्यंत आवश्यक है।
शरीर को ढीला रखकर सोएं इसी तरह मुंह ढांप कर सोना भी स्वास्थ्य के लिए हानिकारक होता है। इससे व्यक्ति को पूरी ऑक्सीजन नहीं मिल पाती और पूरी नींद लेने के बाद भी व्यक्ति सुस्त रहता है।
रोजाना सुबह शाम टहलने जाएं। रात्रि के भोजन पश्चात् अवश्य टहलना चाहिए। (स्वास्थ्य दर्पण)