अमरीका में एक सामान्य घटना हो गई है गोलीबारी 

अमरीका एक बार फिर अंधाधुंध गोलीबारी से दहल गया है। 25 अक्टूबर 2023 की देर रात अमरीकी राज्य मेन के शहर लेविस्टन में एक मास शूटर ने लोगों से खचाखच भरे रेस्टोरेंट में घुसकर अंधाधुंध गोलियां बरसानी शुरु कर दीं, जिससे 22 लोगों की मौके पर मौत हो गई और 60 से ज्यादा घायल हो गये, इनमें से कई घायलों की हालत इन पंक्तियों के लिखे जाने के समय बेहद नाजुक थी। अमरीका में किस तरह गोलीबारी एक आम घटना बन गई है, इसका अंदाज़ा इसी बात से लगाया जा सकता है कि अकेले अक्तूबर 2023 में ही 26 अक्तूबर की सुबह तक गोलीबारी की 17 घटनाएं घट चुकी थीं, जिसमें अक्तूबर माह में ही इन पंक्तियों के लिखे जाने तक 36 लोगों की जान जा चुकी थी और 150 से ज्यादा घायलों में कई अभी ज़िंदगी और मौत से जूझ रहे थे। जबकि इसी साल यानी जनवरी 2023 से 30 सितम्बर 2023 तक अमरीका में गोलीबारी की 471 घटनाएं घट चुकी थीं, जिनमें 571 लोग मारे गये थे और 1947 लोग घायल हुए थे।
गोलीबारी की घटनाएं अमरीका जैसे देश के लिए, जो खुद को दुनिया महाशक्ति कहता है, में ऐसी घटनाएं आम बात हो गई है। अमरीका खुद को दुनिया का सबसे ताकतवर और समृद्ध देश बताता है, लेकिन इस ताकतवर देश में आम लोगों की सुरक्षा बेहद संदिग्ध है। एक तरह से दुनिया के दूसरे देशों का भले अमरीकियों में कोई डर हो या न हो, लेकिन खुद उन्हें अपने आस-पास के लोगों का डर हर समय सताता रहता है। अमरीका के शहर लेविस्टन की कुल आबादी अमरीकी जनगणना ब्यूरो के मुताबिक साल 2023 के शुरुआत में 34,203 थी। इस छोटे से खूबसूरत और साफ  सुथरे शहर में न तो बेरोज़गारी का साया है, न ही भुखमरी या दूसरी ऐसी समस्याएं यहां चिन्हित की जा सकती हैं, जो किसी को तनाव की पराकाष्ठा तक ले जाएं। ऐसे में रह-रहकर ऐसी गोलीबारी की घटनाएं अमरीकी जीवनशैली में रचनात्मकता के अभाव का नतीजा ही हो सकती हैं। बहरहाल यह कोई नई बात नहीं है कि अमरीका में लगातार अंधाधुंध गोलीबारी होती रहती है और लगातार इस पर चिंता भी दर्शायी जाती रहती है। यह कोई पहला साल नहीं है, जब पहले 10 महीनों में करीब 600 गोलीबारी की घटनाएं हुई हैं। सच तो यह है कि अमरीका में लगातार गोलीबारी की घटनाएं पिछले कई दशकों से जारी हैं और इस पर चिंता भी लगातार जतायी जा रही है। बहस भी हो रही है कि कैसे यह सब खत्म हो, लेकिन खत्म कुछ नहीं हो रहा।
अमरीकी राष्ट्रपति जो बाइडन ने घटना पर बेहद चिंता जतायी है। मालूम हो कि पिछले साल मई में महीने में टेक्सास के एक स्कूल में इसी तरह घात लगाकर एक शूटर द्वारा की गई अंधाधुंध गोलीबारी में 19 बच्चों के साथ दो शिक्षकों की मौत हुई थी। तब अमरीका के राष्ट्रपति ने कहा था कि अमरीकी सुरक्षा व्यवस्था को इस हद तक पुष्ट किया जायेगा कि भविष्य में इस तरह की घटनाएं न हों, लेकिन गोलीबारी की घटनाएं जैसे अमरीकी राष्ट्रपतियों को मुंह चिढ़ाने के लिए ही हो रही हों। जब जो बाइडन ने यह घोषणा की थी, तब से अब तक 1000 के आस-पास गोलीबारी की घटनाएं हो चुकी हैं।
सवाल है आखिर अमरीका में इस कदर बार-बार गोलीबारी क्यों होती है? निश्चित रूप से जैसा कि हम सब जानते हैं और हजारों बार इसे दोहराया जा चुका है कि अमरीका में गोलीबारी की इस बरसात का एकमात्र कारण यहां बहुत आसानी से बन्दूकों का मिल जाना है। यहां सब्जी से भी ज्यादा आसान है बंदूक खरीदना। कोई भी अमरीकी बहुत आसानी से आत्मरक्षा के नाम पर यहां गन खरीद सकता है। गैर-आधिकारिक आंकड़ों पर विश्वास करें तो अमरीका में यहां की कुल आबादी के डेढ़ गुना ज्यादा हथियार हैं। अगर अमरीका की आबादी 34 करोड़ के आसपास है, तो अमरीका में करीब 48 करोड़ के आसपास बंदूकें हैं। इससे अंदाज़ा लगाया जा सकता है कि आखिर वहां इस प्रकार कत्ल क्यों किये जाते हैं?

-इमेज रिफ्लेक्शन सेंटर