खजुराहो नृत्य महोत्सव-2024

इस बार बनेगा कत्थक कुम्भ का विश्व रिकॉर्ड

हर साल 20 से 26 फरवरी यानी पूरे एक सप्ताह तक चलने वाले देश-विदेश में मशहूर ‘खजुराहो नृत्य समारोह’ का आयोजन ‘मध्य प्रदेश कला परिषद’ द्वारा किया जाता है। इस महोत्सव का आयोजन प्रदेश के छतरपुर ज़िले में स्थित खजुराहो मंदिरों के विस्तारित प्रांगण में होता है। इस साल इसका खास महत्व है; क्योंकि यह साल इस आयोजन का स्वर्ण जयंती वर्ष है। इस मौके पर 1500 से ज्यादा नर्तक रचेंगे कथक कुंभ का विश्व रिकॉर्ड। खजुराहो नृत्य महोत्सव वास्तव में भारतीय कला और शिल्प, संस्कृति और परंपरा का अद्भुत मेल है। इस महोत्सव में न सिर्फ भारत के बल्कि पूरी दुनिया के जाने-माने कलाकार और नृत्य रसिक शिरकत करते हैं। यह नृत्य महोत्सव दुनियाभर के पर्यटकों के बीच भी एक प्रमुख आकर्षण के रूप में जाना जाता है।  
सप्ताह भर चलने वाले इस कार्यक्रम का प्रमुख उद्देश्य भारतीय शास्त्रीय नृत्य शैलियों जैसे कथक, भरतनाट्यम, ओडिसी, कुचिपुड़ी, मणिपुरी, मोहनीअट्टम और कथकली आदि को बढ़ावा देना है। प्रस्तर मूर्तियों के नेपथ्य में बसन्त ऋतु में सम्पन्न होने वाला यह महोत्सव अद्भुत समां बांधता है। गुलाबी सर्दियों में, खुले आसमान के नीचे देश-विदेश के पारखी और रसिक दर्शकों के बीच साधनारत कलाकार यहां प्रस्तुति देते हुए अपनी कला का सर्वस्व न्योछावर कर देते हैं। नृत्य की गरिमा और शास्त्रीयता को समर्पित यह उत्सव अब अपने 50वें वर्ष में प्रवेश कर चुका है। इसकी शुरुआत वर्ष 1975 हुई थी, तब से आज तक मध्य प्रदेश शासन के संस्कृति विभाग के अंतर्गत आने वाली ‘उस्ताद अलाउद्दीन खां संगीत एवं कला अकादमी’ द्वारा निरंतर इसका सफल आयोजन किया जा रहा है।
भारतीय संस्कृति में नृत्य मात्र एक नयनाभिराम प्रस्तुति भर नहीं है बल्कि यह गहन चिंतन को साकार करने वाला योग है। खजुराहो नृत्य समारोह को शुरू करने का उद्देश्य मात्र शास्त्रीय नृत्य का संरक्षण नहीं बल्कि नृत्य के माध्यम से कला के रसिकों को चरमोत्कर्ष की अनुभूति प्रदान कराना भी रहा है। यही वजह है कि शुरू से लेकर आज तक यह नृत्य समारोह खजुराहो के सुप्रसिद्ध मंदिरों के प्रांगण में ही आयोजित होता है। खजुराहो नृत्य समारोह में अब तक भारत की सभी प्रमुख शास्त्रीय नृत्य शैलियों जैसे भरतनाट्यम, ओडिसी, कथक, मोहिनीअट्टम, कुचिपुड़ी, कथकली, यक्षगान, मणिपुरी आदि के युवा और वरिष्ठ कलाकार अपनी कला की आभा बिखेर चुके हैं। इस समारोह के माध्यम से नृत्य में शास्त्रीयता की गरिमा बनाए रखने के साथ-साथ नवाचार करने का प्रयास भी किया जाता रहा है। यह महोत्सव नृत्य के साथ दूसरी कलाओं के विभिन्न आयामों पर भी खुलकर चर्चा एवं विचार करने का अवसर प्रदान करता है। खजुराहो नृत्य समारोह के अंतर्गत आयोजित की जाने वाली अन्य गतिविधियां हैं- आर्ट मार्ट, हुनर, नेपथ्य, कलावार्ता आदि। किसी भी कला रसिक के लिए खजुराहो नृत्य समारोह तृप्त करने वाला आयोजन है। इस बार कथक कुंभ में 1500 से अधिक कलाकार प्रस्तुति देकर एक विश्व रिकॉर्ड बनाएंगे। इस दौरान प्रतिष्ठित शास्त्रीय नर्तकों के घुंघरुओं की अलौकिक झंकार गूंजेगी। इस स्वर्ण जयंती महोत्सव के पहले दिन यानी 20 फरवरी, 2024 को कत्थक नृत्य के 1500 से 2000 कलाकारों द्वारा सामूहिक नृत्य ‘कत्थक कुंभ’ प्रस्तुत किया जाएगा, जो कि एक ’विश्व रिकॉर्ड’ होगा। खजुराहो नृत्य समारोह का आयोजन मध्यप्रदेश पर्यटन विभाग व पुरातत्व विभाग की साझेदारी से सम्पन्न होता है। चंदेलकालीन कंदारिया महादेव मंदिर व देवी जगदंबा मंदिर के बीच स्थित जगह पर इस उत्सव का आयोजन किया जा रहा है। यूनेस्को की इस विश्व धरोहर को देखने आने वाले पर्यटक न्यूनतम कीमत पर टिकट खरीदकर उत्सव का आनंद ले सकते हैं। भारत के लोकप्रिय पर्यटन स्थलों पर आयोजित किसी भी नृत्य समारोह के मुकाबले खजुराहो नृत्य महोत्सव बेहद रोमांचकारी अनुभव है।
25 फरवरी, 2024 जननी मुरली-भरतनाट्यम। वैजंती काशी और समूह-कुचिपुड़ी (समूह)। निवेदिता पंड्या और सोमी बोस-कथकली-ओडिसी (युगल)। गजेंद्र कुमार पांडा त्रिधारा-ओडिसी (समूह) जबकि 26 फरवरी, 2024 को गोपिका वर्मा- मोहनीअट्टम, अरूपा लाहिड़ी और समूह-भरतनाट्यम-ओडिसी-कथक-मोहनीअट्टम (समूह) पुष्पिता मिश्रा और समूह-ओडिसी (समूह) कला, संस्कृति और वास्तुकला से भरपूर, खजुराहो पर्यटकों के लिए एक और अवकाश स्थल से कहीं अधिक साबित होगा।
                     
-इमेज रिफ्लेक्शन सेंटर