समग्र क्रांति के अग्रदूत थे स्वामी दयानंद सरस्वती

भारत की पावन धरा पर अनेक समाज सुधारकों, देशभक्तों, महापुरुषों और महात्माओं ने जन्म लिया है, जिन्होंने अपना सम्पूर्ण जीवन देश के प्रति न्यौछावर कर दिया। आर्य समाज के संस्थापक के रूप में वंदनीय महर्षि स्वामी दयानन्द सरस्वती भी ऐसे ही देशभक्त, समाज सुधारक, मार्गदशक और आधुनिक भारत के महान चिंतक थे, जिन्होंने न केवल ब्रिटिश सत्ता से जमकर लोहा लिया बल्कि अपने कार्यों से समाज को नई दिशा और ऊर्जा भी प्रदान की। 1857 की क्रांति में स्वामी दयानंद सरस्वती का अमूल्य योगदान था। स्वामी दयानंद का जन्म गुजरात के टंकारा में 12 फरवरी 1824 को हुआ था लेकिन हिन्दू पंचांग के अनुसार उनकी जयंती प्रतिवर्ष फाल्गुन महीने के कृष्ण पक्ष की दशमी को मनाई जाती है, जो इस वर्ष 5 मार्च को है। 
परिवार की भगवान शिव में गहरी आस्था होने तथा मूल नक्षत्र में पैदा होने के कारण स्वामी दयानंद का बचपन का नाम उनके माता-पिता ने मूलशंकर रखा था। जाति से ब्राह्मण स्वामी जी ने अपने कर्मों से ‘ब्राह्मण’ शब्द को परिभाषित करते हुए बताया कि ज्ञान का उपासक होने के साथ-साथ अज्ञानी को ज्ञान देने वाला दानी ही ब्राह्मण होता है। स्वामी दयानंद का बचपन बहुत अच्छा बीता लेकिन उनके जीवन में घटी एक घटना ने उन्हें इस कदर प्रभावित किया कि वे 21 वर्ष की अल्प आयु में ही अपना घर बार छोड़कर आत्मिक एवं धार्मिक सत्य की तलाश में निकल पड़े और संयासी बन गए। जीवन में ज्ञान की तलाश में वह स्वामी विरजानंद से मिले, जिन्हें अपना गुरु मानकर उन्होंने मथुरा में वैदिक तथा योग शास्त्रों के साथ ज्ञान की प्राप्ति की। 1845 से 1869 तक कुल 25 वर्षों की अपनी वैराग्य यात्रा में उन्होंने कई प्रकार के दैविक क्रियाकलापों के बीच विभिन्न प्रकार के योगों का भी गहन अभ्यास किया।
देश के स्वतंत्रता संग्राम में उनकी भूमिका बहुत महत्वपूर्ण थी और ‘स्वराज’ का नारा उन्होंने ही दिया था, जिसे बाद में लोकमान्य बालगंगाधर तिलक ने अपनाया और ‘स्वराज्य मेरा जन्मसिद्ध अधिकार है’ का नारा दिया। वेदों का प्रचार-प्रसार करने के साथ-साथ उनकी महत्ता लोगों तक पहुंचाने तथा समझाने के लिए उन्होंने देशभर में भ्रमण किया। जीवनपर्यन्त वेदों, उपनिषदों का पाठ करने वाले स्वामी जी ने पूरी दुनिया को इस ज्ञान से लाभान्वित किया। उनकी किताब ‘सत्यार्थ प्रकाश’ आज भी दुनियाभर में अनेक लोगों के लिए मार्गदर्शक साबित हो रही है। वेदों को सर्वोच्च मानने वाले स्वामी दयानन्द ने वेदों का प्रमाण देते हुए हिन्दू समाज में फैली कुरीतियों और अंधविश्वासों का डटकर विरोध किया। जातिवाद, बाल विवाह, सती प्रथा जैसी समाज में फैली कुरीतियों को दूर करने में उनका योगदान उल्लेखनीय है, इसीलिए उन्हें ‘संयासी योद्धा’ भी कहा जाता है। दलित उद्धार तथा स्त्रियों की शिक्षा के लिए भी उन्होंने कई आन्दोलन किए। हिन्दू धर्म के अलावा इस्लाम तथा ईसाई धर्म में फैली बुराइयों और अंधविश्वासों का भी उन्होंने जोरदार खंडन किया। उन्होंने अपना पूरा जीवन मानव कल्याण, धार्मिक कुरीतियों की रोकथाम तथा वैश्विक एकता के प्रति समर्पित कर दिया।
आर्य समाज की स्थापना स्वामी दयानंद ने मुम्बई के गिरगांव में गुड़ी पढ़वा के दिन 10 अप्रैल, 1875 को की थी, जिसकी स्थापना का मुख्य उद्देश्य शारीरिक, आत्मिक और सामाजिक उन्नति के साथ समूचे विश्व को एक साथ जोड़ना था। आर्य समाज का आदर्श वाक्य है ‘कृण्वन्तो विश्वमार्यम्’, जिसका अर्थ है ‘विश्व को आर्य यानी श्रेष्ठ बनाते चलो’। आर्य समाज के द्वारा उन्होंने दस मूल्य सिद्धांतों पर चलने की सलाह दी। मूर्ति पूजा के अलावा वह जाति विवाह, महिलाओं के प्रति असमानता की भावना, मांस के सेवन, पशुओं की बलि देने, मंदिरों में चढ़ावा देने इत्यादि के सख्त खिलाफ थे और इसके लिए उन्होंने लोगों में जागरुकता पैदा करने के अथक प्रयास किए। 
स्वामी जी हिन्दी भाषा के प्रबल समर्थक थे और उनका मत था कि कश्मीर से लेकर कन्याकुमारी तक पूरे देश में एक ही भाषा ‘हिन्दी’ बोली जानी चाहिए। मानव शरीर को नश्वर बताते हुए वह कहते थे कि हमें इस शरीर के जरिये केवल एक अवसर मिला है, स्वयं को साबित करने का कि ‘मनुष्यता’ और ‘आत्मविवेक’ क्या है। उनके विचारों से उन दिनों तांत्या टोपे, नाना साहेब पेशवा, हाजी मुल्ला खां, बाला साहब जैसे महान वीर भी प्रभावित थे। स्वामी जी ने ऐसे ही वीरों के सहयोग से देश की आज़ादी के लिए लोगों को एकजुट करना शुरू किया और इसके लिए सबसे पहले उन्होंने साधु-संतों को जोड़ा ताकि उनके जरिये जनसाधारण को आज़ादी के लिए प्रेरित किया जा सके। यही कारण था कि स्वामी जी ब्रिटिश हुकूमत की आंखों में पत्थर की भांति खटकने लगे थे और इसीलिए अंग्रेजी हुकूमत द्वारा षड्यंत्र के जरिये उन्हें जहर देकर मारने के भी प्रयास किए गए लेकिन योग पारंगत होने के कारण स्वामी जी को कुछ नहीं हुआ। 
1883 में जोधपुर नरेश महाराजा जसवंत सिंह के निमंत्रण पर स्वामी जी जोधपुर गए,जहां उन्होंने देखा कि नन्हीं जान नामक एक नर्तकी के प्रति महाराजा बहुत ज्यादा आसक्त थे। स्वामी जी के समझाने पर महाराजा ने उससे संबंध तोड़ लिए लेकिन इससे नर्तकी स्वामी दयानंद की दुश्मन बन गई और उसने स्वामी जी के रसोइये जगन्नाथ को षड्यंत्र में शामिल कर स्वामी जी के दूध में पिसा हुआ कांच मिलवा दिया। इससे स्वामी दयानंद इतने बीमार हुए कि कभी उबर नहीं पाए और दीवाली की शाम 30 अक्तूबर 1883 को ‘प्रभु! तूने अच्छी लीला की, आपकी इच्छा पूर्ण हो’ इन अंतिम शब्दों के साथ राजस्थान में अपना नश्वर शरीर त्याग दिया।