सांसद जयप्रकाश ने अनाज मंडी का किया दौरा, सुनीं किसानों की समस्याएं

कलायत (बीरभान निर्मल), 14 अक्टूबर - हिसार से सांसद जयप्रकाश ने आज कलायत अनाज मंडी का दौरा कर किसानों की समस्याओं को सुना। सांसद जयप्रकाश के बेटे विकास सहारण हाल ही में कलायत विधानसभा चुनाव में कांग्रेस से विधायक बने हैं। खरीद में अनदेखी होने के कारण अनाज मंडी धान की फसल से पूरी तरह लबालब भरने के बाद किसानों को अपनी फसल को खेतों में डालने को मज़बूर होना पड़ रहा है। जय प्रकाश ने किसानों के साथ बिगुल बजाने का ऐलान कर दिया है। हिसार से सांसद जयप्रकाश ने आज कलायत अनाज मंडी का दौरा कर किसानों की समस्याओं को सुना।  कलायत अनाज मंडी में धान खरीद के नाम पर गड़बड़ी के आरोप लगाते हुए हिसार से कांग्रेस सांसद जय प्रकाश ने भाजपा के खिलाफ मोर्चा खोलने का ऐलान कर दिया। इसके लिए शासन प्रशासन को 24 घंटे का अल्टिमेटम दिया गया है। उन्होंने कहा कि इस निर्धारित समय अवधि में अगर किसानों के साथ अन्याय होता रहा तो फिर आंदोलन शुरू होगा। उन्होंने कहा कि धान की फसल को औने-पौने दामों पर खरीदा जा रहा है। भाजपा के एमएसपी के दावों की पोल खुल गई है। कार्य वाहक सीएम नायब सिंह सैनी चुनाव के वायदे भूल गए हैं। उन्होंने कहा कि कलायत मेरा गृह क्षेत्र है और मैं यहां किसी के साथ भी अन्याय नहीं होने दूंगा।