त्योहारों पर महंगाई की मार 

आय की धीमी रफ्तार, खर्च का बढ़ता बोझ, थोक बाज़ार की महंगाई खुदरा कीमतों तक पहुंची तो बिगड़ सकता है आम परिवार का बजट। त्योहार खुशियां मनाने, अपनों के साथ समय बिताने और खरीदारी करने का अवसर होते हैं। दिवाली नज़दीक आते ही बाज़ार रोशनी से जगमगाने लगते हैं। मिठाई की दुकानों पर भीड़ बढ़ती है, लोग नए कपड़े और अन्य सामान खरीदते हैं तथा परिवारों में उत्सव का माहौल बनता है। लेकिन इस बार त्योहारों की रौनक के बीच महंगाई की चिंता भी गहराने लगी है। एक ओर लोग खर्च करने से पहले कई बार सोच रहे हैं, तो दूसरी ओर वस्तुओं की बढ़ती कीमतें उनके बजट पर दबाव डाल रही हैं। 
आमतौर पर आर्थिक सुस्ती के दौरान मांग घटने से कीमतों पर दबाव पड़ता है, लेकिन जब बाज़ार में खरीदारी की गति धीमी हो और उत्पादन लागत बढ़ती जाए, तब कारोबारियों के सामने भी मुश्किलें खड़ी हो जाती हैं। वे न तो आसानी से कीमतें घटा पाते हैं और न ही बढ़ी हुई कीमतों पर ग्राहकों को खरीदारी के लिए तैयार कर पाते हैं। ऐसे में मंदी और महंगाई का दोहरा दबाव अर्थव्यवस्था के साथ आम परिवारों के लिए भी चुनौती बन सकता है। सितम्बर 2026 के उपलब्ध कराए गए आंकड़ों के अनुसार भारत में थोक मूल्य आधारित महंगाई दर अगस्त के 9.92 प्रतिशत से बढ़कर सितम्बर में 11.38 प्रतिशत हो गई। इसी अवधि में खुदरा महंगाई दर भी 4.83 प्रतिशत से बढ़कर 5.54 प्रतिशत दर्ज की गई। ये आंकड़े वाणिज्य एवं उद्योग मंत्रालय के हवाले से दिए गए हैं। थोक महंगाई में वृद्धि का अर्थ है कि उत्पादकों और कारोबारियों के स्तर पर वस्तुओं की लागत बढ़ रही है। इसका असर आगे चलकर खुदरा बाज़ार पर भी पड़ सकता है। हालांकि थोक कीमतों में हुई प्रत्येक वृद्धि का असर उपभोक्ताओं तक उसी अनुपात में या तुरंत पहुंचे, यह ज़रूरी नहीं है। फिर भी लगातार बढ़ती लागत आम लोगों के घरेलू बजट के लिए चिंता का विषय है।
थोक मूल्य सूचकांक वस्तुओं की कीमतों में उत्पादक और कारोबारी स्तर पर होने वाले बदलाव का संकेत देता है। सितंबर में महंगाई में तेजी केवल एक.दो वस्तुओं तक सीमित नहीं रही। उपलब्ध आंकड़ों के मुताबिक ईंधन और बिजली क्षेत्र में महंगाई दर बढ़ गई है। निर्मित वस्तुओं में यह दर 8.37 प्रतिशत से बढ़कर 8.76 प्रतिशत तथा प्राथमिक वस्तुओं में 7.76 प्रतिशत से बढ़कर 8.67 प्रतिशत दर्ज की गई। ईंधन और बिजली की लागत बढ़ने का प्रभाव उत्पादन से लेकर परिवहन तक पड़ सकता है। कारखानों में वस्तुएं तैयार करने, उन्हें गोदामों तक पहुंचाने और फिर दुकानों में उपलब्ध कराने पर अधिक खर्च आता है। कारोबारियों की लागत बढ़ने पर वे उसका कुछ हिस्सा ग्राहकों से वसूलने की कोशिश कर सकते हैं। नतीजतन, रोज़मर्रा की कई वस्तुओं की कीमतों में बढ़ोत्तरी की आशंका पैदा होती है।
आर्थिक सिद्धांत के अनुसार जब बाज़ार में मांग घटती है, तो कारोबारी ग्राहकों को आकर्षित करने के लिए कीमतें कम करने की कोशिश करते हैं, लेकिन उत्पादन लागत लगातार बढ़ रही हो तो उनके लिए ऐसा करना आसान नहीं रहता।
मान लीजिए किसी दुकानदार ने थोक बाज़ार से सामान पहले की तुलना में महंगे दाम पर खरीदा है। त्योहारों के बावजूद ग्राहक कम खर्च कर रहे हैं। ऐसी स्थिति में दुकानदार के सामने दो विकल्प होते हैं। वह कीमत बढ़ाकर अपनी लागत निकालने का प्रयास करे या पुराने दाम पर सामान बेचकर अपने मुनाफे में कटौती स्वीकार करे। पहली स्थिति में ग्राहक खरीदारी टाल सकता है और दूसरी में कारोबारी की कमाई घट सकती है। इस तरह बाजार में बिक्री कम रहने के बावजूद कीमतें ऊंची बनी रह सकती हैं। यह स्थिति छोटे व्यापारियों के लिए विशेष रूप से कठिन होती है, क्योंकि उनके पास बड़े कारोबारियों की तुलना में पूंजी और घाटा सहने की क्षमता सीमित होती है। महंगाई का असर केवल बढ़े हुए खर्च तक सीमित नहीं रहता। इससे परिवार की आपातकालीन ज़रूरतों के लिए रखी गई बचत घटती है। दिवाली जैसे त्योहारों के दौरान बाजार को बड़ी बिक्री की उम्मीद रहती है, लेकिन जब आय के मुकाबले खर्च तेज़ी से बढ़ने लगते हैं, तो ग्राहक अपनी प्राथमिकताएं बदलने लगते हैं। ऐसी स्थिति में लोग महंगे सामान के बजाय सस्ते विकल्प चुन सकते हैं। 
आखिरकार, त्योहारों की असली रौनक तभी कायम रह सकती है, जब घरों में खुशियों के साथ आर्थिक सुरक्षा भी बनी रहे।
-मो. 83686-81336

#त्योहारों पर महंगाई की मार