क्ले के सुल्तान नडाल टेनिस को कहेंगे अलविदा!

फिर 1000-वाट की लाइट जलेगी और फिर बसंत आयेगा, लेकिन पेरिस के बोइस डी बोलोग्ने के निकट रोलांगारो, जो कभी फ्रांस के शाहों के लिए शिकार खेलने का मैदान था, पहले जैसा कभी नहीं हो पायेगा। आज वह एक ऐसी रियासत है, जिसका कोई राजा नहीं है। इस गेरुए रंग के मंच पर 14-बार विजयी पताका लहराने वाले राफेल नडाल बबोलट प्योर एरो (रैकेट) टांगने का मन बना लिया है और एक प्रोफेशनल टेनिस खिलाड़ी के रूप में वो अपना अंतिम मैच डेविस कप फाइनल्स में खेलेंगे, जो कि 19 नवंबर से मलागा में खेला जायेगा।
यह घोषणा बहुत चुपके से टेनिस पत्रकारों के इनबॉक्स में आयी। लेकिन इस पर किसी को कोई आश्चर्य नहीं हुआ क्योंकि 38 वर्षीय नडाल ने 2023 में केवल दो प्रतियोगिताओं में हिस्सा लिया था और यह साल भी बस थोड़ा बेहतर रहा कि उन्होंने 7 प्रतियोगिताओं में 12 जीतें दर्ज कीं। बढ़ती उम्र और निरंतर चोटों से जूझते नडाल को एक न एक दिन रैकेट तो टांगना ही था। उनकी हिम्मत व जुझारूपन उनकी स्वास्थ्य समस्याओं पर पर्दा डाले हुए थे, लेकिन उनकी दहाड़ जो पूरे टेनिस लैंडस्केप में गूंजती थी, वह पहले जैसी नहीं रह गई थी। नडाल का 38 बसंत का शरीर चरमराने लगा था और उनका हौसला, ज़िद व कभी हार न मानने वाली स्पिरिट आखिरकार रिज़र्व में आ गई थी। समय बहुत कुछ बदल देता है। बसंत के जाने पर चिड़ियों के गीतों में भी उदासी आने लगती है। 
जिस वीडियो संदेश में नडाल ने अपने रिटायर होने की घोषणा की, उसमें स्पेन के इस लीजेंड ने कहा कि अब वह ‘बिना सीमाओं के नहीं खेल सकते’। नडाल ने अपने अधिकतर करियर में सीमा में बंधकर नहीं खेला था, विशेषकर जब उन्हें फिनिष लाइन दिखायी दे रही होती थी। उनके शब्द उनकी खेल शैली को ही व्यक्त कर रहे थे- गेंद तक पहुंचने के लिए अपना 100 प्रतिशत दम-खम लगा देना। वह सिर्फ इसी तरह से ही खेलना जानते थे। नडाल ने 22 ग्रैंड स्लैम जीते और नोवाक जोकोविच (24) व रोजर फेडरर (20) के साथ टेनिस की त्रई के रूप में विख्यात रहे। हालांकि ग्रैंड स्लैम जीत संख्या के एतबार से जोकोविच शीर्ष पर विराजमान हैं, लेकिन लाल बजरी पर नडाल का कोई मुकाबला ही नहीं था कि उन्होंने फ्रेंच ओपन (14) जितनी बार जीता है, उतना किसी अन्य खिलाड़ी ने कोई मेजर नहीं जीता है। नडाल ने 19-साल की आयु में पेरिस में ही मेजर में डेब्यू किया था, 2005 में। उस समय उन्होंने समुद्री लुटेरों वाली वाइट पैन्ट्स व स्लीवलेस टी शर्ट पहनी हुई थी और बाद के 17 वर्षों में 14वीं बार फ्रेंच ओपन जीतते हुए वह शॉर्ट्स व वी-नेक शर्ट में थे। लड़के से मर्द बनने तक की इस यात्रा में उन्होंने रोलांगारो में 116 मैच खेले और 112 में जीत दर्ज की, अविश्वसनीय। 
नडाल के 92 टूर लेवल खिताबों में से 63 क्ले कोर्ट्स पर से आये हैं। उन्होंने 2005 से 2007 तक क्ले कोर्ट्स पर लगातार 81 जीतें दर्ज कीं, जोकि पुरुष एकल के ओपन इरा में किसी भी एक सतह पर जीत का सबसे लम्बा सिलसिला है। क्ले, पॉवर और पेस को तटस्थ कर देता है। यह शरीर के लिए आरामदायक तो है, लेकिन हर स्विंग के साथ मांग बढ़ती चली जाती है। इस पर समय और ऊर्जा दोनों ज्यादा लगते हैं। नडाल क्ले के लिए ही बने थे, विशेषकर अपने लेफ्ट-हैंड स्विंग, अतरिक्त स्टेप या शॉट, तीखे कोणों और प्रतीक्षा की इच्छा के कारण। साल 2021 के रोलांगारो सेमी-फाइनल में नडाल पर जीत दर्ज करने के बाद जोकोविच ने अल्टीमेट तारीफ की थी, ‘पेरिस में नडाल ने जो सफलता हासिल की है, उसे व्यक्त करने के लिए विशेषण तलाश कर पाना कठिन है। रोलांगारो में जब भी आप उनके सामने खेलने के लिए उतरते हैं तो आपको जीतने के लिए माउंट एवरेस्ट चढ़ना पड़ता है।’
कोर्ट फिलिप चार्टइयर के ऊपरी टियर पर यह शब्द लिखे हैं- सबसे दृढ़ व्यक्ति ही जीत का हकदार है। इन शब्दों को नडाल ने अपना बना लिया था। कोर्ट के किनारे पर नडाल अपनी ड्रिंक्स को एक खास तरतीब में रखते थे, हमेशा। यह अंधविश्वास था या नहीं, कहा नहीं जा सकता, उन्होंने इस बारे में कभी कुछ बताया नहीं। पॉइंट्स के बीच में उन्हें अपने शॉर्ट्स को टग करने की भी लत थी, जो दर्शकों को बुरी लगती थी। यह आदत उन्हें बचपन में लगी और इससे वो कभी छुटकारा न पा सके। वह शॉट क्लॉक को वाइंड डाउन और समय उल्लंघन के लिए भी कुख्यात थे। लेकिन कोर्ट पर वह सच्ची खेल भावना के प्रतीक थे, कभी गालियां नहीं दीं और कभी गुस्से में रैकेट नहीं तोड़ा। सभी ग्राउंड्स पर दर्शकों, फैन्स व स्टाफ के लिए उनके पास हमदर्दी भरे शब्द रहते थे। कोई यादों के लिए सेल्फी या ऑटोग्राफ मांगे उसे कभी मना नहीं करते थे। नडाल की फेडरर व जोकोविच से कोर्ट पर प्रतिद्वंदिता ने पुरुष टेनिस को लगभग डेढ़ दशक तक दिशा दी। फेडरर व नडाल के बीच शैली के मुकाबले थे, जबकि नडाल बनाम जोकोविच ग्लैडिएटर जैसी जंग थी। अफसोस अब ये मुकाबले कभी देखने को नहीं मिलेंगे। -इमेज रिफ्लेक्शन सेंटर