दांत ब्रश करने के महत्व को समझें
बच्चो! आज मैं आपको एक ऐसे प्रयोग के बारे में बताने जा रही हूं जिससे आप रोज़ाना अपने दांत ब्रश करने के महत्व को समझ जायेंगे। सबसे पहले स्टिकी नोट्स पर सोडा 1, सोडा 2, जूस 1 व जूस 2 लिख लें। इन्हें एक पंक्ति में काउंटर पर रख दें। ब्राउन सोडा से दो गिलास आधे आधे भर लें और उन्हें सोडा 1 व सोडा 2 स्टिकी नोट्स के पीछे रख दें। इसके बाद दो अन्य गिलास आधे-आधे लेमन जूस से भर लें और उन्हें जूस 1 व जूस 2 स्टिकी नोट्स के पीछे रख दें। ध्यानपूर्वक एक अंडा एक कटोरी में रखें और उसके ऊपर एक टी-स्पून की बराबर टूथपेस्ट निकालकर रख दें। अपने हाथों से टूथपेस्ट को आराम से अंडे के ऊपर रब कर दें, जब तक कि वह पूरा टूथपेस्ट की मोटी परत से ढक न जाये। यही काम दूसरे अंडे के साथ भी करें। टूथपेस्ट से ढके अंडों को अब आहिस्ता से गिलासों की लिक्विड में डूबोना है। एक अंडा सोडा 1 लेबल वाले गिलास में डाल दीजिये और दूसरा अंडा जूस 1 लेबल वाले गिलास में डाल दीजिये। अपने हाथ धोकर सुखा लें। जो बिना टूथपेस्ट वाले दो अंडे बचे हैं, उन्हें एक को सोडा 2 लेबल वाले गिलास में और दूसरे को जूस 2 लेबल वाले गिलास में डाल दीजिये। अपने हाथ धोकर सुखा लें। अंडों को गिलासों में 12 घंटे तक पड़ा रहने दीजिये।
जब यह समय पूरा हो जाये तो एक-एक करके पहले सोडा वाले अंडों को गिलासों से बाहर निकलें। ठंडे पानी से उन्हें धोएं और टॉवल से सुखा लें। हर अंडा जिस गिलास में था, उसके स्टिकी नोट के पास रख दें। क्या अंडे एक ही रंग के हैं या अलग रंग के?
एक-एक करके अंडों को जूस वाले गिलासों से भी निकाल लें। टैप के नीचे उन्हें धोकर सुखा लें। अंडे जिन गिलासों में थे उन्हीं के स्टिकी नोट्स के सामने रख दें। आहिस्ता से अंडों को महसूस करें। क्या कोई अंडा दूसरे से कमज़ोर या मज़बूत महसूस होता है? इस प्रयोग में अंडे के खोल आपके दांतों के एनामेल (बाहरी कोटिंग) का प्रतिनिधित्व करते हैं। टूथपेस्ट आपके दांतों को साफ करता है और उन पर दाग नहीं लगने देता। साथ ही वह फूड व ड्रिंक के कणों को भी हटाता है, जो आपके दांतों पर चिपक जाते हैं। गहरे रंग की लिक्विड जैसे कोला, कॉफी या चाय से आपके दांतों पर आसानी से दाग लग जाते हैं। बिना टूथपेस्ट वाले अंडे ब्राउन व बदरंग हो जायेंगे। टूथपेस्ट से ढके अंडे ब्राउन होने से बच जायेंगे।
टूथपेस्ट दांतों को गलने से भी बचाता है। लेमन जूस में जो अंडा बिना टूथपेस्ट का था, वह कमज़ोर हो जायेगा और स्पर्श करने पर मुलायम महसूस होगा, जबकि जो अंडा टूथपेस्ट से सुरक्षित था, वह मज़बूत व सख्त रहेगा। लेमन जूस एसिडिक होता है और वह अंडे की खोल को तोड़ देता है जैसे एसिडिक ड्रिंक्स आपके दांतों के एनामेल को हटा देती है। जब दांतों पर से एनामेल हट जाता है तो आसानी से कैविटी बन जाती है। लेकिन टूथपेस्ट में जो फ्लोराइड होता है वह थूक से मिलकर आपके दांतों के एनामेल पर सुरक्षा परत बना देता। इससे दांत मज़बूत व कैविटी मुक्त रहते हैं।-इमेज रिफ्लेक्शन सेंटर





