खेल और तकनीक से सजा कॅरियर है स्पोर्ट्स डेटा एनालिस्ट
एक समय था जब खेलों में खिलाड़ी के प्रदर्शन का आंकलन मुख्य रूप से कोच के अनुभव और निरीक्षण के आधार पर किया जाता था लेकिन आज क्रिकेट, फुटबॉल, हॉकी, कबड्डी, टेनिस और यहां तक कि एथलीट जैसे खेलों में भी डेटा की जबर्दस्त भूमिका उभरकर आयी है। किसी बल्लेबाज के किस गेंदबाज के खिलाफ रिकॉर्ड कैसे हैं, किस ओवर में वह अधिक रन बनाता है, फुटबॉल खिलाड़ी कितनी दूरी तय करता है, हॉकी टीम किस क्षेत्र से अधिक गोल करती है, इन सब बातों का विश्लेषण अब डेटा यानी आंकड़ों के माध्यम से ही किया जाता है। ..और इन आंकड़ों को समझने, उनके विश्लेषण करने तथा उन्हें उपयोगी रणनीति में बदलने का काम स्पोर्ट्स डेटा एनालिस्ट करता है। यह एक ऐसा कॅरियर है जो खेलों के प्रति जुनून और तकनीकी कौशल का अनोखा मिश्रण प्रस्तुत करता है। भारत में खेल उद्योग के विस्तार के कारण इस क्षेत्र में अवसर बहुत तेजी से बढ़े हैं।
क्या करता है स्पोर्ट्स डेटा एनालिस्ट : स्पोर्ट्स डेटा एनालिस्ट खिलाड़ियों और टीमों के प्रदर्शन से जुड़े आंकड़ों का अध्ययन करता है। उसका मुख्य उद्देश्य डेटा के आधार पर ऐसी जानकारी निकालना होता है, जो टीम या खिलाड़ी के प्रदर्शन को बेहतर बनाए। स्पोर्ट्स डेटा एनालिस्ट के प्रमुख कार्य इस प्रकार से हैं-
* खिलाड़ी या खिलाड़ियों के प्रदर्शन का विश्लेषण करना।
* विरोधी टीम की रणनीति का अध्ययन करना।
* विभिन्न मैचों के आंकड़ों का संग्रह और उनका मूल्यांकन करना।
* प्रदर्शन रिपोर्ट तैयार करना।
* चोट की संभावनाओं से जुड़े पैटर्न को पहचानना।
* कोच और प्रबंधन को रणनीतिक सुझाव देना।
* वीडियो विश्लेषण और डेटा विजुलाइजेशन करना।
शैक्षिक योग्यता : इस क्षेत्र में प्रवेश के लिए किसी खेल का खिलाड़ी होना ज़रूरी नहीं है। हालांकि हों, तो अतिरिक्त लाभ होता है। जहां तक न्यूनतम शैक्षिक योग्यता की बात है तो 12वीं गणित या विज्ञान से होना लाभकारी होता है, पर किसी भी विषय में स्नातक होना भी फायदेमंद है। स्पोर्ट्स डेटा एनालिस्ट बनने के लिए सबसे उपयुक्त स्नातक पाठ्यक्रम इस तरह से हैं- बीएससी गणित, बीएससी सांख्यिकी, बीटेक कम्प्यूटर साइंस, बीटेक (डेटा साइंस), बीएससी, स्पोर्ट्स साइंस, बी.ए. अर्थशास्त्र। जहां तक उच्च शिक्षा की बात है तो इस क्षेत्र में इन उच्च शैक्षिक पाठ्यक्रमों से ज्यादा लाभ मिलता है- एमएससी डेटा साइंस, एमएससी स्टैटिस्टिक्स, एमबीए स्पोर्ट्स मैनेजमेंट, मास्टर इन स्पोर्ट्स एनालिटिक्स, पोस्ट ग्रेजुएट सर्टिफिकेट इन डेटा एनालिटिक्स।
आवश्यक कौशल : स्पोर्ट्स डेटा एनालिस्ट बनने के लिए उम्मीदवार में इन कौशलों का होना बहुत जरूरी है- सांख्यिकी की समझ, डेटा विश्लेषण का कौशल, माइक्रो सॉफ्ट एक्सेल पर काम करने की दक्षता, एसक्यूएल, पाइथन, पावर बीआई, जैसी कम्प्यूटर लैंग्वेज पर भी कमांड ज़रूरी है। साथ ही डेटा विजुलाइजेशन की क्षमता, खेलों की गहरी समझ, विश्लेषणात्मक सोच आदि कुशलताएं इस क्षेत्र में कॅरियर बनाने की मंशा रखने वाले के लिए ज़रूरी है। क्योंकि आज अधिकांश खेल संगठन ऐसे पेशेवरों को रखना चाहते हैं, जो केवल डाटा को पढ़े नहीं बल्कि उसे रणनीति में भी इस्तेमाल कर सके।
-इमेज रिफ्लेक्शन सेंटर



