राहुल ने ली सारी फीडबैक, CM सुक्खू की पसंद का होगा अध्यक्ष

 

शिमला, 8 अगस्त -  कांग्रेस के वरिष्ठ नेता व लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी ने सुखविंदर सिंह सुक्खू के नेतृत्व में प्रदेश सरकार के अढ़ाई साल के कार्यकाल को बेहतरीन बताया है। उन्होंने कहा कि केंद्र की तरह-तरह की बंदिशों के बावजूद हिमाचल सरकार ने प्रदेश की आर्थिकी को मजबूत किया है। मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू गुरुवार रात राहुल गांधी के घर रात्रि भोज में शामिल होने पहुंचे थे। हिमाचल प्रदेश से वह इकलौते नेता थे, जो इंडिया गठबंधन के नेताओं के लिए रखे गए इस विशेष डिनर आयोजन में शामिल हुए। वैसे सीएम ने गुरुवार को वापस शिमला लौटना था, परंतु राहुल गांधी ने उन्हें विशेष रूप से उनके यहां आयोजित होने वाले रात्रि भोज में आने को कहा था, लिहाजा सीएम वापस शिमला नहीं पहुंचे। अब मुख्यमंत्री आज शिमला लौटेंगे और यहां पर शिक्षा विभाग के एक बड़े कार्यक्रम में शिरकत करेंगे। बताया जाता है कि राहुल गांधी के नए सरकारी आवास में यह डिनर आयोजित किया गया। यहां इंडिया गठबंधन के कई नेता मौजूद रहे, तो वहीं कांग्रेस के भी कई बड़े नेता वहां थे। मुख्यमंत्री सुक्खू की इस दौरान कई नेताओं के साथ मुलाकात हुई और हिमाचल प्रदेश में सरकार की परफार्मेंस और राजनीतिक घटनाक्रमों को लेकर उनसे बातचीत की गई। यह एक बड़ा मौका था, जहां पर सीएम ने हिमाचल में चल रहे कार्यों के बारे में बताया। बता दें कि पिछले कुछ दिनों से सीएम दिल्ली में ही डटे हैं और लगातार उनकी केंद्रीय नेताओं से मुलाकात का दौर चल रहा है। हिमाचल में मंत्रिमंडल का विस्तार किया जाना है, जिसे लेकर सीएम ने केंद्रीय नेताओं से दिल्ली में बात को आगे बढ़ाया है। यहां एक पद मंत्रिमंडल में खाली चल रहा है, वहीं प्रदेश में अध्यक्ष पद को लेकर भी दिल्ली में चर्चाओं का दौर जारी है।

सूत्रों ने दावा किया है कि मुख्यमंत्री सुक्खू द्वारा हाईकमान पर प्रदेश अध्यक्ष के चयन के निर्णय को छोडऩे के बावजूद हाईकमान ने कहा है कि प्रदेशाध्यक्ष चयन में मुख्यमंत्री की च्वाइस को प्राथमिकता मिलेगी। पिछले दिनों दिल्ली में प्रदेश के नेताओं की हाईकमान से मुलाकात हुई थी और उस बैठक में कई तरह की चर्चाएं हुई हैं। इसके बाद सत्ता के गलियारों में कई चर्चाएं चल रही हैं। अब सीएम के दिल्ली से लौटने के बाद यहां चल रही राजनीतिक चर्चाओं पर विराम लगेगा। मुख्यमंत्री लौटने के बाद अपने दिल्ली दौरे का उल्लेख करेंगे और बताएंगे कि आगे क्या कुछ होने वाला है। बताया जा रहा है कि आज को बंगलुरु में कांगे्रस पार्टी की संविधान बचाओ रैली का आयोजन किया जाना है, जिसमें मुख्यमंत्री को भी जाना था। परंतु अब उनका वहां जाने का कार्यक्रम रद्द हो गया है, लिहाजा सीएम   शिमला लौटेंगे। यहां आते ही उनका शिक्षा विभाग का कार्यक्रम है, जिसके बाद वह अधिकारियों के साथ बैठक भी करेंगे। आगामी कुछ दिनों तक सीएम की काफी व्यस्तताएं रहेंगी और इस बीच वह कैबिनेट द्वारा लिए गए फैसलों की भी समीक्षा करेंगे। वित्त विभाग के साथ भी उनकी बैठक होगी, वहीं ऊर्जा महकमे के साथ भी समीक्षा बैठक होनी है।

#राहुल