श्री शारदा इंस्टीट्यूट के पूर्व प्रमुख पर 17 छात्राओं के यौन शोषण का आरोप
नई दिल्ली, 24 सितंबर- दिल्ली के श्री शारदा इंस्टीट्यूट ऑफ इंडियन मैनेजमेंट के पूर्व प्रमुख स्वामी चैतन्यानंद सरस्वती पर 17 छात्राओं के यौन शोषण का आरोप लगा है। ये छात्राएं ईडब्ल्यूएस स्कॉलरशिप के तहत संस्थान में पीजीडीएम (पोस्ट ग्रेजुएट डिप्लोमा इन मैनेजमेंट) कोर्स कर रही थीं। चैतन्यानंद पर अश्लील टिप्पणी करने, अश्लील मैसेज भेजने और जबरदस्ती छूने का आरोप है।
4 अगस्त को वसंत कुंज उत्तर पुलिस स्टेशन में चैतन्यानंद सरस्वती उर्फ पार्थ सारथी के खिलाफ एफआईआर दर्ज की गई थी। वह उस समय संस्थान के प्रमुख थे। उन्हें 9 अगस्त को उनके पद से हटा दिया गया था और नौकरी से निकाल दिया गया था।
एफआईआर दर्ज होने के बाद से चैतन्यानंद फरार है। पुलिस ने उसे उत्तर प्रदेश के आगरा में ढूंढ लिया है। दिल्ली पुलिस ने शारदा इंस्टीट्यूट के बेसमेंट से चैतन्यानंद की एक वोल्वो कार ज़ब्त कर ली है।

