तीन-तीन राजधानियों वाला देशद. अफ्रीका

‘दी दी, भारत में कोई ऐसा राज्य भी है, जिसकी तीन राजधानियां हों?’
‘हां, आंध्र प्रदेश की तीन राजधानियां हैं।’ 
‘कौन-कौन सी?’
‘विशाखापत्तनम कार्यकारी राजधानी है, जहां से सभी सरकारी और प्रशासनिक काम सम्पन्न होते हैं। अमरावती विधायी राजधानी है, जहां राज्य की विधानसभा है और विधायक बैठक करते हैं तथा कुरनूल प्रदेश की तीसरी और न्यायिक राजधानी है। इसका अर्थ है कि हाईकोर्ट यहीं से काम करता है।’
‘आंध्र प्रदेश को तीन राजधानियां बनाने की प्रेरणा कहां से मिली?’
‘दक्षिण अफ्रीका से, जो संसार का एकमात्र देश है, जिसकी तीन राजधानियां हैं।’
‘एक राजधानी तो जोहान्सबर्ग होगी।’
‘नहीं। हालांकि जोहान्सबर्ग दक्षिण अफ्रीका का सबसे बड़ा शहर है और उसका आर्थिक हब भी है, क्योंकि 1886 में सोने की खोज होने के बाद से वह खदान शहर के रूप में विकसित हो चुका है।’
‘तो फिर दक्षिण अफ्रीका के कौन से शहर उसकी राजधानियां हैं?’
‘प्रिटोरिया प्रशासनिक व कार्यकारी राजधानी है, जहां राष्ट्रपति का कार्यालय और काबिना है। गौटेंग प्रांत में स्थित इस शहर में प्रशासनिक कार्यालय व विदेशी दूतावास हैं।’
‘अच्छा।’
‘जबकि केपटाउन विधायी राजधानी है, जहां दक्षिण अफ्रीका की राष्ट्रीय संसद है। पश्चिम केप प्रांत में स्थित इस शहर का ऐतिहासिक महत्व है और यह प्रमुख सांस्कृतिक व पर्यटन हब भी है।’
‘और तीसरी राजधानी कौन सी है?’
‘ब्लोएम्फोन्टीन न्यायिक राजधानी है, जहां सुप्रीम कोर्ट ऑ़फ अपील है। यह फ्री स्टेट प्रांत में स्थित है जो दक्षिण अफ्रीका की न्यायिक व्यवस्था में महत्वपूर्ण भूमिका निभाता है।’
‘वैसे दक्षिण अफ्रीका में तीन राजधानियां क्यों हैं?’
‘तीन राजधानी व्यवस्था इसलिए स्थापित की गई ताकि कोई एक क्षेत्र या शहर औरों पर हावी न हो सके। ब्रिटिश ने 1910 में दूसरा बोअर युद्ध जीतने के बाद चार कॉलोनियों को दक्षिण अफ्रीका संघ में गठित किया था। 12 अधिकारिक भाषाओं और अनेक संस्कृतियों के देश में अनेकता में एकता राजनीतिक संतुलन से ही संभव थी।’
-इमेज रिफ्लेक्शन सेंटर 

#तीन-तीन राजधानियों वाला देशद. अफ्रीका