भारतीय क्रिकेट में ईशान किशन की धमाकेदार वापसी

भारत बनाम न्यूज़ीलैंड के बीच जो टी-20 श्रृंखला हाल में खेली गई, उसका पांचवा मैच थिरुवनंतपुरम में देश के सबसे छोटे क्रिकेट मैदान पर 31 जनवरी 2026 को खेला गया। पिच सूखी हुई थी, रनों के अम्बार की संभावना से भरी हुई। केरल के क्रिकेट प्रेमियों को उम्मीद थी कि 8 फरवरी 2026 से आरंभ होने जा रहा आईसीसी टी-20 विश्व कप से पहले उनके स्थानीय हीरो संजू सैमसन का फॉर्म लौट आयेगा, लेकिन ऐसा हो न सका, वह एक बार फिर बल्ले से असफल रहे और सारी लाइमलाइट ईशान किशन ने अपनी विस्फोटक बल्लेबाज़ी के कारण लूट ली। ईशान ने 10 छक्कों की मदद से मात्र 43 गेंदों में 103 रन की पारी खेली। यह टी-20 इंटरनेशनल में उनका पहला शतक था। इससे पहले उन्होंने इसी श्रृंखला में 32 गेंदों पर 72 रन की पारी खेली थी। इस लिहाज़ से यह कहा जा सकता है कि लगभग दो साल तक राष्ट्रीय टीम से बाहर रहने के बाद ईशान किशन ने धमाकेदार वापसी की है। 
ईशान किशन प्रतिभाशाली विकेटकीपर व सलामी बैटर हैं, इस बात में तो किसी को कोई शक था ही नहीं। वह अपनी लापरवाही की वजह से टीम से बाहर थे। उन्होंने (व श्रेयस अय्यर ने) फिट होने के बावजूद रणजी ट्रॉफी में खेलने से इंकार कर दिया था, इसलिए बीसीसीआई ने उन्हें केंद्रीय कॉन्ट्रैक्ट से अलग कर दिया था। इससे उनका प्रदर्शन भी प्रभावित हुआ और उन्हें टीम से बाहर बैठना पड़ा, खासकर इसलिए भी कि मुंबई इंडियंस ने उन्हें (उस समय) रिकॉर्ड कीमत पर खरीदा था, लेकिन वह तब आईपीएल में कुछ खास प्रदर्शन न कर सके थे; क्योंकि वह खेल पर फोकस ही नहीं कर पा रहे थे, जबकि, जैसा कि ऊपर कहा गया, प्रतिभा की उनमें कोई कमी नहीं है, जो ओडीआई में उनके रिकॉर्ड दोहरे शतक से स्पष्ट है।
दिसम्बर 2022 में चोटिल शुभम गिल की जगह बांग्लादेश के खिलाफ ईशान किशन को अवसर दिया गया था। 2016 अंडर-19 क्रिकेट वर्ल्ड कप में भारतीय टीम के कप्तान ईशान किशन ने बांग्लादेश के खिलाफ ओडीआई मैच में 131 गेंदों में 210 रन की पारी खेली और इस तरह वह ओडीआई में सबसे तेज़ दोहरा शतक लगाने वाले क्रिकेटर बने, अपने पहले ही ओडीआई शतक को दोहरे शतक में बदलने वाले क्रिकेटर बने और ओडीआई में दोहरा शतक लगाने वाले सबसे युवा क्रिकेटर बने। ईशान प्रणव कुमार पांडे किशन का जन्म 18 जुलाई, 1998 को पटना, बिहार में हुआ था। उनके पिता प्रोफेशन से बिल्डर हैं। चूंकि बिहार क्रिकेट संघ और बीसीसीआई के बीच पंजीकरण की समस्या चल रही थी, इसलिए ईशान ने पड़ोसी राज्य झारखंड से क्रिकेट खेलना शुरू किया। वह अक्सर राइट आर्म ऑफ ब्रेक व लेग ब्रेक गेंदबाज़ी भी करते हैं और खब्बू बैटर होने के बावजूद अपने सीधे हाथ से लिखते हैं। 
ईशान को भारत के लिए टी-20 टीम में शामिल होने का अवसर फरवरी 2021 में इंग्लैंड के विरुद्ध घरेलू श्रृंखला में मिला। लेकिन उन्होंने डेब्यू 14 मार्च 2021 को किया और 32 गेंदों में 56 रन बनाकर प्लेयर ऑ़फ द मैच का खिताब हासिल किया। फिर जून 2021 में उन्हें श्रीलंका के दौरे के लिए दोनों एकदिवसीय व टी-20 टीमों में शामिल किया गया। इस दौरे पर उन्होंने जुलाई में अपना ओडीआई डेब्यू किया और 42 गेंदों में 59 रन बनाये। इस प्रकार उन्होंने टी-20 और ओडीआई के अपने पहले मैचों में अर्द्धशतक लगाने का श्रेय प्राप्त किया। इसी को मद्देनज़र रखते हुए उन्हें सितम्बर में 2021 आईसीसी पुरुष टी-20 विश्व कप की भारतीय टीम में शामिल किया गया। 
अक्तूबर 2022 में ईशान ने दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ ओडीआई में 93 रन की पारी खेली, जो उस समय उनका उच्चतम स्कोर था। लेकिन उसके बाद 24 साल 145 दिन की आयु में ईशान ने ओडीआई का सबसे तेज़ दोहरा शतक लगाया, जिसका ऊपर ज़िक्र किया जा चुका है। इससे उन्होंने क्रिस गेल का रिकॉर्ड तोड़ा था, जिन्होंने 138 गेंदों में दोहरा शतक लगाया था। ईशान ओडीआई में दोहरा शतक लगाने वाले भारत के चौथे खिलाड़ी हैं, वीरेंद्र सहवाग, सचिन तेंदुलकर व रोहित शर्मा के बाद। गिल का दोहरा शतक ईशान के बाद आया है।
बहरहाल, दो वर्ष से अधिक (785 दिन) भारतीय टीम से बाहर रहने के बाद ईशान की न्यूज़ीलैंड के खिलाफ वापसी हुई और नागपुर में पहले टी-20 में पहली ही गेंद पर चौका लगाने के बावजूद वह मात्र 8 रन पर आउट हो गये, लेकिन 23 जनवरी 2026 को दूसरे टी-20 में उन्होंने 32 गेंदों पर 76 रन बनाये और इस पारी में उन्होंने अपना अर्द्धशतक मात्र 21 गेंदों में पूरा किया, जो न्यूज़ीलैंड के खिलाफ भारतीय बैटर द्वारा दूसरा सबसे तेज़ अर्द्धशतक है; उनसे पहले अभिषेक शर्मा ने 14 गेंदों में अर्द्धशतक लगाया था। ईशान के शानदार प्रदर्शन की वजह से भारत ने 209 रन का लक्ष्य मात्र 15.2 ओवर में पूरा कर लिया था। भारत की तरफ से सबसे तेज़ अर्द्धशतक लगाने का रिकॉर्ड युवराज सिंह का है, जिन्होंने 2007 के टी-20 विश्व कप में इंग्लैंड के खिलाफ 12 गेंदों में अर्द्धशतक लगाया था, जिसमें स्टुअर्ट बोर्ड के एक ओवर में छह छक्के भी थे। थिरुवनंतपुरम में ईशान के शतक की बदौलत भारत ने 5 विकेट के नुकसान पर 271 रन बनाये, जोकि भारत का इस फॉर्मेट में तीसरा उच्चतम स्कोर है।
 -इमेज रिफ्लेक्शन सेंटर 

#भारतीय क्रिकेट में ईशान किशन की धमाकेदार वापसी