समिट में शामिल हुए अमेरिकी अवर सचिव जैकब हेलबर्ग
नई दिल्ली, 20 फरवरी - अमेरिका के आर्थिक मामलों के अवर सचिव जैकब हेलबर्ग इंडिया-एआई इम्पैक्ट समिट में भाग लेने के लिए भारत पहुंचे हैं। अमेरिकी विभाग की ओर से दी गई जानकारी के अनुसार, हेलबर्ग 20 और 21 फरवरी तक भारत दौरे पर रहेंगे। वह व्हाइट हाउस ऑफिस ऑफ साइंस एंड टेक्नोलॉजी पॉलिसी के निदेशक माइकल क्रैट्सियोस के नेतृत्व में आए अमेरिकी प्रतिनिधिमंडल के साथ समिट में शामिल हुए हैं। अमेरिकी विभाग ने बताया कि अपने दौरे के दौरान हेलबर्ग द्विपक्षीय बैठकों में हिस्सा लेंगे और सम्मेलन को संबोधित भी करेंगे। अपने संबोधन में वह भारत-अमेरिका आर्थिक संबंधों को मजबूत करने और उभरती प्रौद्योगिकियों, खासकर आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस, में साझेदारी को आगे बढ़ाने पर जोर देंगे। साथ ही, वह एआई एक्शन प्लान के तहत अमेरिकी एआई एक्सपोर्ट्स प्रोग्राम के अगले चरण को आगे बढ़ाने से जुड़े प्रयासों पर भी चर्चा करेंगे।

