हम बेहद आभारी हैं
विगत वर्ष जुलाई-अगस्त (2025) में पंजाब में भारी वर्षा होने और बाढ़ आने से भारी संख्या में घरों, फसलों और कई अन्य तरह का नुकसान हुआ था, जिससे लाखों ही परिवार बुरी तरह प्रभावित हुए थे और इनमें से ज्यादातर घर से बेघर हो गए थे। इस बड़ी तबाही के दृष्टिगत प्रशासन, असंख्य संगठनों और समाज के सभी क्षेत्रों के लोग बेहद चिंतित हुए थे। इस नुक्सान की पूर्ति कर पाना किसी तरह भी सम्भव प्रतीत नहीं होता था परन्तु सरकार सहित समाज के सभी वर्गों और देश-विदेश के अनेक संगठनों ने अपने-अपने वित्तीय सामर्थ्य के अनुसार हुए विनाश की पूर्ति के लिए बड़े यत्न आरम्भ किए थे। अब तक यह पूरा अनुमान लगाना बेहद कठिन है कि इस नुकसान की कितनी पूर्ति हो सकी है परन्तु ज्यादातर प्रभावित परिवारों को इस बात की संतुष्टि ज़रूरी हुई थी कि समाज में उनका हाथ थामने के लिए और उन्हें सहारा देने के लिए अनेकानेक हाथ तत्पर हुए थे। किसी दुखी की सुध लेने से उनके मन को ढाढस भी मिलता है और उसे पुन: खड़े होने के लिए सहारा भी मिलता है। नि:संदेह देश-विदेश के पंजाबी और ़गैर-पंजाबी इस ज़रूरत के समय एक सहारा बने थे। देश के कई प्रदेशों ने भी अपने-अपने तौर पर बड़ी राहत राशियां भेजी थीं। अदारा ‘अजीत’ ने भी अपनी परम्परा के अनुसार इन कठिन समय में प्रभावित लोगों के साथ खड़े होने का यत्न किया था और अपनी वित्तीय सामर्थ्य के अनुसार अपना योगदान डाला था।
हमारे लिए यह बेहद सन्तोषजनक बात है कि अदारा ‘अजीत’ के साथ जुड़े बड़ी संख्या में हमदर्दों और स्नेही सज्जनों ने ‘अजीत’ द्वारा अपने ज़रूरतमंद भाइयों के साथ खड़ा होने के लिए अपना कर्त्तव्य समझते हुए अपनी सामर्थ्यानुसार योगदान डाला। हालात के दृष्टिगत ‘अजीत’ ने 2 सितम्बर, 2025 को ‘अजीत-अजीत समाचार बाढ़ राहत फंड’ शुरू करने की घोषणा की थी और अपने स्नेहिल सज्जनों को इसमें योगदान डालने की अपील की थी। अपने इस ़फज़र् को निभाने के लिए राहत फंड से संबंधित अदारा ‘अजीत’ की समूची टीम ने तत्परता से सम्पन्नता हेतु कार्य किए। विदेशों में भी हमारी अपील का समर्थन करते हुए पंजाब का दर्द रखने वाले लोगों ने बड़ी राशियां भेजी थीं। मुख्य कार्यालय के साथ-साथ हमारे पंजाब में 22 उप-कार्यालयों के साथ जुड़े सैकड़ों ही पत्रकारों ने पूरी सहृदयता और शिद्दत से अपने ़फज़र् का पालन किया था।
हम अपने उप-कार्यालयों, अमृतसर, बटाला, गुरदासपुर, तरनतारन, कपूरथला, होशियारपुर, मुकेरियां, नवांशहर, रूपनगर, चंडीगढ़-एस.ए.एस. नगर, पटियाला, ़फतेहगढ़ साहिब, लुधियाना, खन्ना, जगराओं, मोगा, फरीदकोट, ़फाज़िल्का, बठिंडा, मानसा, संगरूर और बरनाला कार्यालयों के साथ संबंधित अपने सभी सहयोगी पत्रकारों के बेहद ऋणी हैं, जिन्होंने अपना ़फज़र् समझते हुए पूरे पारदर्शी ढंग से इस काम को सफल बनाया। राहत सामग्री संबंधी हमारी भिन्न-भिन्न टीमों ने प्रभावित ज़िलों का दौरा किया। पूरी जानकारी प्राप्त की और उसे आधार बना कर ज़रूरत के अनुसार राहत सामग्री बांटने का प्रबन्ध किया गया। राहत सामग्री में यूरिया खाद, पशु खुराक, डीज़ल, गेहूं के बीज, कम्बल, चादरें, सीमेंट, ईंटें, स्कूली वर्दियां, स्टेशनरी शामिल थी। स्कूलों की फीसों के रूप में भी ज़रूरतमंद विद्यार्थियों को सहायता प्रदान की गई। इसके साथ-साथ बेहद प्रभावित लोगों की आर्थिक सहायता भी की गई।
हम अपने पत्रकार साथियों के साथ-साथ अपने साथ जुड़े हज़ारों ही स्नेही सज्जनों का भी बेहद धन्यवाद करते हैं, जिन्होंने हमारी टीमों को राहत सामग्री बांटने में प्रत्येक तरह से पूरी सहायता की। बड़ी संख्या में सहयोगियों ने अपनी-अपनी वित्तीय सामर्थ्य के अनुसार सहायता राशि भी भेजी, जिसका पूरा विवरण लगातार ‘अजीत-अजीत समाचार’ में प्रकाशित किया जाता रहा है। इस विवरण को पूरी तरह पारदर्शी रखने का यत्न किया गया है। हम यह बताना चाहते हैं कि इस फंड में कुल 1,77,59,753.28 रुपए की राशि एकत्रित हुई थी। इसमें अब तक 1,72,50,583.96 रुपए की राशि उपरोक्त दर्शाई मदों के अधीन खर्च करके राहत सामग्री वितरित की गई है। इस समय इस राहत खाते में 5,09,169.32 रुपए शेष हैं, जो आगामी समय के लिए इस फंड में आरक्षित किए गए हैं। चाहे यह राशि घटित इस दुखांत के सामने बहुत ही कम है परन्तु हम प्रभावित पंजाबी परिवारों के साथ ऐसे समय में अपनी वित्तीय सामर्थ्य के अनुसार खड़े होने के लिए संतुष्टि महसूस करते हैं।
हमें उम्मीद है कि आगामी समय में भी हमारे लाखों ही हमदर्द और स्नेही इसी तरह अदारे के साथ हर समय खड़े रहेंगे, जो हमारे लिए गर्व वाली बात होगी। नीचे दी गई सूची में इस राहत सामग्री का विवरण प्रकाशित किया जा रहा है।
—बरजिन्दर सिंह हमदर्द
अजीत/अजीत समाचार बाढ़ राहत फंड
लेखा-जोखा
अब तक एकत्रित हुई राशि 1,67,11,966.00
अजीत हरियावल लहर एकाऊंट
से प्राप्त हुई राशि 6,14,359.28
गुप्त दान के रूप में प्राप्त राशि 3,92,708.00
बैंक ब्याज के रूप में प्राप्त राशि 40,720.00
कुल राशि 1,77,59,753.28
खर्च का विवरण-
डीज़ल 36,83,162.00
कम्बल 36,54,000.00
गेहूं का बीज 34,97,680.00
ज़रूरतमंदों को सहायता राशि 16,41,000.00
स्कूली वर्दियां और स्टेशनरी 13,58,429.00
यूरिया खाद 13,34,650.00
पशु खुराक 12,82,746.00
सीमेंट और ईंटें 3,89,525.00
चादरें 2,84,130.00
परिवहन और फुटकल खर्च 1,02,370.00
बैंक खर्च 17,567.96
बैनर 5, 324.00
कुल खर्च 1,72,50,583.96
बकाया बैंक में जमा राशि 5,09,169.32

