दक्षिण अमेरिकी देश बोलिविया में हुए एक विमान हादसे में 15 लोगों की मौत

दक्षिण अमेरिकी देश बोलिविया में हुए एक विमान हादसे में 15 लोगों की मौत हो गई है और कई लोगों के घायल होने की सूचना है। बोलिवियन वायुसेना का विमान नोटों से भरा था और उड़ान भरने के बाद क्रैश होकर हाईवे पर जा पहुंचा। इसके बाद कई गाड़ियों की टक्कर भी विमान से हुई।
रनवे से फिसलकर हाईवे पर पहुंचा विमान
यह हादसा उस समय हुआ जब विमान रनवे से फिसलकर पास के शहर एल आल्टो की एक हाईवे पर जा घुसा। वहां चल रही कई गाड़ियों को उसने टक्कर मार दी। अधिकारियों के मुताबिक कम से कम 15 वाहन इस दुर्घटना में क्षतिग्रस्त हुए हैं। अभी यह साफ नहीं हो पाया है कि जिन लोगों की मौत हुई, वे विमान में सवार थे या सड़क पर मौजूद गाड़ियों में थे।

बोलिविया वायुसेना का हरक्यूलिस विमान क्रैश
बताया जा रहा है कि यह विमान बोलिविया वायुसेना का हरक्यूलिस विमान था, जो देश के केंद्रीय बैंक से नए छपे नोट दूसरे शहरों में ले जा रहा था। हादसे के बाद विमान में आग लग गई, लेकिन दमकल कर्मियों ने काफी मशक्कत के बाद आग पर काबू पा लिया।

हाईवे पर बिखरे नोट और विमान के मलबा
सोशल मीडिया पर सामने आई तस्वीरों में सड़क पर विमान का मलबा, पूरी तरह तबाह गाड़ियां और बिखरे हुए नोट दिखाई दे रहे हैं। बड़ी मात्रा में नकदी एयरपोर्ट के बाहर फैल गई थी, जिसे उठाने के लिए सैकड़ों लोग मौके पर पहुंच गए। भीड़ को हटाने के लिए पुलिस को दंगा-रोधी उपकरणों का इस्तेमाल करना पड़ा।

#दक्षिण अमेरिकी