कतर में भारतीय दूतावास ने एडवइजरी जारी की
नई दिल्ली, 6 मार्च - पश्चिम एशिया में संघर्ष के बीच दोहा में भारतीय दूतावास ने अपने नागरिकों के लिए वीजा, ट्रांजिट और और सऊदी अरब के बाहर यात्रा को लेकर जानकारी दी। दूतावास ने आज एक एडवाइजरी में बताया कि कतर में ट्रांजिट के दौरान फंसे भारतीय नागरिकों के लिए एक पंजीकरण लिंक खोला गया है। इस लिंक के जरिये उन्हें सऊदी अरब के लिए अस्थायी ट्रांजिट वीजा हासिल करने में मदद मिलेगी।
दूतावास ने कहा कि यह सुविधा केवल उन भारतीय नागरिकों के लिए है, जो इस समय कतर में ट्रांजिट के दौरान फंसे हुए हैं और जिनके पास सऊदी अरब से आगे यात्रा के लिए कन्फर्म टिकट हैं। ऐसे लोग दिए गए लिंक पर पंजीकरण कर सकते हैं। दूतावास ने यह भी बताया कि कतर के गृह मंत्रालय ने घोषणा की है कि कतर में समाप्त हो चुके या समाप्त होने वाले सभी प्रवेश वीजा की अवधि एक महीने के लिए बढ़ा दी गई है। यह फैसला 28 फरवरी 2026 से लागू हुआ है और स्थिति के अनुसार इसे आगे भी बढ़ाया जा सकता है। भारतीय नागरिकों को यह भी बताया गया है कि आपात स्थित में सलवा बॉर्डर क्रॉसिंग के रास्ते सड़क मार्ग से सऊदी अरब के लिए निकलने का विकल्प फिलहाल खुला है।

