रादौर अनाज मंडी में एसके मार्ग पर मंडी गेट के पास लगा जाम

 रादौर अनाज मंडी में बायोमैट्रिक प्रणाली व ऑनलाइन गेट पास पोर्टल में आ रही तकनीकी दिक्कतों से नाराज किसानों ने सोमवार को दोपहर बाद एसके मार्ग पर मंडी गेट के पास जाम लगा दिया। भारतीय किसान यूनियन चढूनी के जिला अध्यक्ष संजू गुंदियाना के नेतृत्व में किसानों ने धरना देकर सरकार के खिलाफ नारेबाजी की, जिससे सड़क के दोनों ओर वाहनों की लंबी कतारें लग गईं।  बीकेयू  जिलाध्यक्ष संजू गुंदियाना का आरोप था कि पोर्टल पर ट्रैक्टर के साथ फोटो अपलोड नहीं हो पा रही, जिसके चलते गेट पास जारी नहीं हो रहे और उन्हें घंटों इंतजार करना पड़ रहा है।  सूचना मिलते ही एसडीएम नरेंद्र कुमार व मार्किट कमेटी सचिव राजीव चोपड़ा मौके पर पहुंचे और किसानों से बातचीत कर मैनुअल गेट पास जारी करने का आश्वासन दिया। इसके बाद किसानों ने जाम खोल दिया। किसानों ने चेतावनी दी कि समस्या का स्थायी समाधान नहीं हुआ तो वे बड़ा आंदोलन करेंगे।

#रादौर अनाज मंडी