मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी महात्मा ज्योतिबा फुले जयंती समारोह में पहुंचे

कुरुक्षेत्र:-मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने महात्मा ज्योतिबा फुले जयंती समारोह में की बतौर मुख्य अतिथि शिरकतl मुख्यमंत्री ने महात्मा ज्योतिबा फुले ग्रुप ऑफ इंस्टिट्यूशन की रखी आधारशिला। सैनी समाज सभा कुरुक्षेत्र को अपने ऐच्छिक कोटे से 51 लाख रुपये देने की  घोषणा।

कुरुक्षेत्र के बाबैन में हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने महात्मा ज्योतिबा फुले जयंती समारोह में बतौर मुख्य अतिथि शिरकत की। इस दौरान उन्होंने समाजिक समानता, शिक्षा और विकास को लेकर कई बड़ी घोषणाएं भी की।

धर्मनगरी कुरुक्षेत्र में आयोजित राज्य स्तरीय समारोह में मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने महान समाज सुधारक महात्मा ज्योतिबा फुले को श्रद्धापूर्वक नमन करते हुए कहा कि उन्होंने अपने विचारों, संघर्षों और कर्मों से भारत के सामाजिक इतिहास को नई दिशा दी।मुख्यमंत्री ने कहा कि यह समारोह सामाजिक जागरण, शिक्षा और समानता के संकल्प को पुनर्जीवित करने का एक महत्वपूर्ण अवसर है।

 

इस मौके पर मुख्यमंत्री ने सावित्रीबाई फुले को भी याद करते हुए कहा कि ऐसे महान व्यक्तित्व समाज की अमूल्य धरोहर हैं, जिनके दिखाए मार्ग पर चलकर ही एक समतामूलक समाज का निर्माण संभव है।कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री ने महात्मा ज्योतिबा फुले ग्रुप ऑफ इंस्टिट्यूशन की आधारशिला रखी और कहा कि यहां से निकलने वाले विद्यार्थी न केवल शिक्षित होंगे, बल्कि जिम्मेदार नागरिक बनकर राष्ट्र निर्माण में योगदान देंगे।

 

मुख्यमंत्री ने सैनी शिक्षा समिति के प्रयासों की सराहना करते हुए कहा कि समाज के उत्थान के लिए उनका योगदान सराहनीय है। उन्होंने कहा कि सैनी समाज ने हमेशा मेहनत, ईमानदारी और सेवा को अपना धर्म माना है।इसके साथ ही मुख्यमंत्री ने घोषणा की कि सावित्रीबाई ज्योतिबा फुले कॉलेज ऑफ नर्सिंग संस्थान को जल्द ही शुरू किया जाएगा।मुख्यमंत्री ने सैनी समाज सभा कुरुक्षेत्र को अपने ऐच्छिक कोटे से 51 लाख रुपये देने की भी घोषणा की।मुख्यमंत्री ने कहा कि सरकार का उद्देश्य महात्मा ज्योतिबा फुले के दिखाए रास्ते पर चलते हुए एक ऐसे समाज का निर्माण करना है, जो समानता, न्याय और भाईचारे पर आधारित हो।

#हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी