संसद की कार्यवाही शुरू
सरकार ने तीन अहम विधेयक लोकसभा में पेश करने की प्रक्रिया शुरू
संसद के विशेष सत्र में आज सरकार ने तीन अहम विधेयक लोकसभा में पेश करने की प्रक्रिया शुरू की। कानून मंत्री अर्जुन राम मेघवाल ने संविधान (131वां संशोधन) विधेयक 2026 और परिसीमन विधेयक 2026 को सदन में पेश करने का प्रस्ताव रखा। इसके साथ ही केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने केंद्र शासित प्रदेश कानून (संशोधन) विधेयक 2026 को पेश करने का प्रस्ताव दिया। इन विधेयकों को लेकर सदन में चर्चा और राजनीतिक बहस तेज होने की संभावना है, क्योंकि ये देश की चुनावी और प्रशासनिक व्यवस्था से जुड़े अहम बदलावों से संबंधित हैं।
राज्यसभा के उपसभापति पद के चुनाव का बहिष्कार कर सकते हैं इंडिया गठबंधन के दल
सूत्रों के अनुसार इंडिया गठबंधन के दल राज्यसभा के उपसभापति पद के चुनाव का बहिष्कार कर सकते हैं। बताया जा रहा है कि विपक्षी दल इस चुनावी प्रक्रिया से दूरी बनाने पर विचार कर रहे हैं। हालांकि, अभी इसकी आधिकारिक घोषणा नहीं हुई है। इस फैसले को लेकर राजनीतिक हलकों में चर्चा तेज हो गई है और माना जा रहा है कि इससे संसद में सत्ता पक्ष और विपक्ष के बीच तनाव और बढ़ सकता है।

