चारधाम यात्रा के लिए ट्रांजिट कैंप में तीर्थयात्रियों का पंजीकरण शुरू
देहरादून चंडीगढ़, 18 अप्रैल - चारधाम यात्रा के लिए ट्रांजिट कैंप में तीर्थयात्रियों का पंजीकरण शुरू हो गया है। पंजीकरण काम का सुबह छह बजे से शुरू हुआ और शाम तक चला। वहीं चारधाम यात्रा प्रशासन और स्थानीय प्रशासन की ओर से 18 अप्रैल शनिवार को सीएम के दौरे को लेकर व्यवस्थाओं को लेकर बैठक की गई।
मुख्यमंत्री यात्रियों के वाहनों को हरी झंडी दिखाकर रवाना करेंगे। चारधाम यात्रा पंजीकरण प्रभारी प्रेमानंद ने बताया कि सुबह छह बजे से सभी 30 काउंटरों पर पंजीकरण शुरु कर दिया गया है। इसमें 24 काउंटर ट्रांजिट कैंप में और छह काउंटर आईएसबीटी में खुले हैं। दोपहर 12 बजे तक करीब 150 यात्रियों ने पंजीकरण कराया। सबसे पहले नेपाल से आए तीस यात्रियों ने पंजीकरण कराया।
वहीं यात्रा प्रशासन के विशेष कार्याधिकारी पीपी नौटियाल ने बताया कि यात्रियों की सुविधा के लिए सभी व्यवस्थाएं पूरी कर दी गई हैं। वहीं एसडीएम ने भी नगर निगम के अधिकारियों के साथ बैठक कर साफ सफाई दुरुस्त करने। ट्रांजिट कैंप में कर्मचारियों की व्यवस्था करने के निर्देश दिए। भाजपा मंडल अध्यक्ष मनोज ध्यानी ने कहा कि मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी 11 बजे यात्रियों के वाहनों को हरी झंडी दिखाएंगे।
उत्तराखंड परिवहन निगम ने चारधाम यात्रा 2026 के लिए इस बार परिवहन व्यवस्था को अधिक अनुशासित और जवाबदेह बनाने की तैयारी शुरू कर दी है। यात्रा शुरू होने से पहले निगम ने केदारनाथ और बदरीनाथ धाम मार्ग पर विशेष प्रवर्तन तंत्र लागू करते हुए 20 अप्रैल से 20 जून तक आठ अधिकारियों की चरणबद्ध तैनाती कर दी है।
इन अधिकारियों को अलग-अलग डिपो से भेजा जाएगा, जो धामों में निगम बसों के संचालन, यात्रियों की सुविधा, टिकट व्यवस्था और शिकायत निस्तारण पर सीधी नजर रखेंगे।
मंडल प्रबंधक (संचालन) देहरादून सुरेश चौहान की ओर से जारी आदेश के अनुसार प्रत्येक चरण में दो-दो अधिकारियों को केदारनाथ (सोनप्रयाग) और बदरीनाथ में तैनात किया जाएगा। अधिकारियों को निर्देश दिए गए हैं कि यात्रियों को बसों की उपलब्धता, समय, चालक-परिचालक और टिकट संबंधी जानकारी स्पष्ट रूप से उपलब्ध कराई जाए।

