UP: नोएडा एयरपोर्ट बनेगा कमाई का सुपरहब, 30 साल में एक लाख करोड़ की उड़ान
नोएडा, 26 अप्रैल - नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट यात्रियों को विश्वस्तरीय सुविधाएं देने के साथ सरकार की आय का बड़ा स्रोत बनने जा रहा है। नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट लिमिटेड (नायल) को प्रति यात्री लगभग 496 रुपये की आय होगी।
अनुमान है कि अगले 30 वर्षों में इस एयरपोर्ट से कुल कमाई एक लाख करोड़ रुपये तक पहुंच सकती है। एयरपोर्ट परियोजना के चलते आसपास के क्षेत्रों में जमीन की मांग तेजी से बढ़ी है। अब केवल जमीन लेकर उसे खाली रखने वाले उद्योगों पर सख्ती की जा रही है।
ऐसे मामलों में जमीन वापस ली जा रही है और तय समय पर इकाई स्थापित करने वाले उद्यमियों को प्राथमिकता दी जा रही है। यह जानकारी यमुना एक्सप्रेसवे औद्योगिक विकास प्राधिकरण (यीडा) और नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट लिमिटेड (नायल) के सीईओ राकेश कुमार सिंह ने 'अमर उजाला' से विशेष बातचीत में दी। 24 अप्रैल को यीडा ने अपनी सिल्वर जुबली मनाई। पिछले एक वर्ष में विकास की गति में उल्लेखनीय तेजी आई है। नक्शा स्वीकृतियों की संख्या 33 से बढ़कर 400 हो गई है।
इकाइयों की संख्या 120 से बढ़कर 350 हो गई
33 बड़ी इकाइयों में उत्पादन शुरू हो चुका है, जबकि निर्माणाधीन इकाइयों की संख्या 120 से बढ़कर 350 हो गई है। आंकड़ों के अनुसार, 31 मार्च 2025 तक पिछले 24 वर्षों में 3048 भूखंड आवंटित किए गए थे, जबकि पिछले एक वर्ष में ही 78 नए आवंटन किए गए।
इन भूखंडों के लिए 220 कंपनियों ने आवेदन किया था। आवंटन पाने वालों में मिंडा, फिल्म सिटी, अंबर और एसेंट जैसी प्रमुख कंपनियां शामिल हैं। पिछले 24 वर्षों में 2250 लीज प्लान जारी किए गए थे, जबकि केवल एक वर्ष में लगभग 500 नए प्लान को मंजूरी दी गई है।

