मणिपुर में तीन उग्रवादी गिरफ्तार
इंफाल, 21 मई (भाषा) मणिपुर के दो जिलों से सुरक्षा बलों ने विभिन्न प्रतिबंधित संगठनों से जुड़े तीन उग्रवादियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने बृहस्पतिवार को एक बयान जारी कर यह जानकारी दी।
बयान में कहा गया है कि बुधवार को इंफाल पश्चिम के लामदेंग से यूनाइटेड नेशनल लिबरेशन फ्रंट (पी) के दो कार्यकर्ताओं को हथियारों और गोला-बारूद के साथ गिरफ्तार किया गया।
एक दिन पहले, सुरक्षा बलों ने इंफाल पूर्वी जिले के मंत्रीपुखरी से एक उग्रवादी संगठन के सक्रिय सदस्य को गिरफ्तार किया था, जो कथित तौर पर नए सदस्यों की भर्ती में शामिल था।
एक पुलिस अधिकारी ने बताया कि बुधवार को सुरक्षा बलों ने तेंगनूपाल जिले में हथियारों और विस्फोटकों का जखीरा बरामद किया। उन्होंने कहा कि विस्फोटकों को घटनास्थल पर ही निष्क्रिय कर दिया गया।

