ओडिशा में भीषण सड़क हादसा, बस और ऑटो की भिड़ंत में 6 की मौ/त; चार की हालत गंभीर
गंजम, 22 मई - ओडिशा के गंजम जिले में शुक्रवार को एक दर्दनाक सड़क हादसा हुआ। यहां एक बस और ऑटो रिक्शा के बीच जोरदार टक्कर हो गई। इस हादसे में छह लोगों की जान चली गई और चार अन्य लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। पुलिस ने इस घटना की जानकारी दी है। मृतकों में दो नाबालिग लड़कियां भी शामिल हैं। सभी मृतक और घायल एक ही गांव के बताए जा रहे हैं।
शुरुआती जानकारी के अनुसार, एक वरिष्ठ पुलिस अधिकारी ने बताया कि यह दुर्घटना पुरुषोत्तमपुर थाना क्षेत्र के अंतर्गत लाडकापल्ली चौराहे के पास हुई। तेज रफ्तार बस ने तीन पहिया ऑटो रिक्शा को टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि ऑटो के परखच्चे उड़ गए। हादसे के बाद तीन लोगों ने मौके पर ही दम तोड़ दिया। वहीं, तीन अन्य लोगों की मौत अस्पताल में इलाज के दौरान हुई।
हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस और दमकल विभाग की टीमें तुरंत मौके पर पहुंचीं और राहत बचाव कार्य शुरू किया। हादसे का शिकार हुए सभी लोग ऑटो रिक्शा में सवार थे। दुर्घटना में घायल चार लोगों का पहले कोडाला सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में प्राथमिक उपचार किया गया। बाद में उनकी गंभीर हालत को देखते हुए उन्हें बरहामपुर के एमकेसीजी मेडिकल कॉलेज और अस्पताल में भर्ती कराया गया है। फिलहाल वहां उनका इलाज चल रहा है।

