उत्तर प्रदेश सरकार मदरसा बोर्ड के टॉपर्स को करेगी सम्मानित, टॉप तीन छात्रों को टैबलेट मिलेंगे

लखनऊ, 31 मई - उत्तर प्रदेश सरकार ने घोषणा की है कि 2026 की मदरसा बोर्ड परीक्षाओं में अच्छा प्रदर्शन करने वाले छात्रों को लखनऊ में सम्मानित किया जाएगा। मुंशी/मौलवी (माध्यमिक) और आलिम (उच्च माध्यमिक) परीक्षाओं में टॉप 10 छात्रों को लखनऊ बुलाकर सम्मान दिया जाएगा।
सरकारी बयान के अनुसार, प्रत्येक श्रेणी के टॉप 3 छात्रों को प्रशस्ति पत्र भी दिए जाएंगे। यह विशेष कार्यक्रम जून के पहले सप्ताह में आयोजित किया जाएगा। सरकार का उद्देश्य मदरसा शिक्षा को आधुनिक और गुणवत्तापूर्ण बनाना है, ताकि अल्पसंख्यक समुदाय के छात्र बेहतर भविष्य की ओर आगे बढ़ सकें।
टॉप 10 में 5 लड़के और 5 लड़कियां शामिल
उत्तर प्रदेश मदरसा बोर्ड परीक्षा 2026 में कुल 80,933 छात्रों ने पंजीकरण कराया था, जिनमें से 63,211 छात्र परीक्षा में शामिल हुए और 55,788 छात्र पास हुए।
मुंशी/मौलवी और आलिम दोनों श्रेणियों की मेरिट सूची में टॉप 10 में 5 लड़के और 5 लड़कियां शामिल हैं। इन्हें सम्मानित किया जाएगा।
मुंशी/मौलवी श्रेणी में चंदौली के मोहम्मद वसीम ने पहला स्थान, मिर्जापुर के मोहम्मद कासिम अली ने दूसरा स्थान और गोरखपुर की शैमा परवीन ने तीसरा स्थान हासिल किया।
आलिम श्रेणी में शीर्ष तीनों स्थान छात्राओं ने प्राप्त किए हैं-वाराणसी की जुमी फरीन और शाइस्ता परवीन तथा अमरोहा की उम्मुल खैर।
इन सभी मेधावी छात्रों को प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया जाएगा। राज्य मंत्री दानिश आजाद अंसारी ने कहा कि सरकार गुणवत्तापूर्ण शिक्षा को बढ़ावा देने के लिए लगातार काम कर रही है।

 
#उत्तर प्रदेश