उत्तर प्रदेश :यमुना नदी में पलटी नाम, 9 लोग थे सवार, अब तक 2 शव बरामद
हमीरपुर , 7 मई: उत्तर प्रदेश के हमीरपुर जिले में यमुना नदी में गुरुवार देर रात बड़ा हादसा हो गया। कुरारा थाना क्षेत्र के कुतुबपुर गांव के पास एक नाव अचानक पलट गई, जिसमें कुल 9 लोग सवार थे। हादसे में तीन लोगों को सुरक्षित बचा लिया गया, जबकि एक महिला और एक बच्चे का शव बरामद किया गया है। वहीं, चार बच्चे अब भी लापता बताए जा रहे हैं। लगातार हो रही तेज बारिश और नदी की तेज धारा के कारण राहत एवं बचाव कार्य में काफी दिक्कतें आ रही हैं।
जानकारी के मुताबिक, कुतुबपुर गांव निवासी देशराज निषाद के घर बुधवार को बेटी की शादी थी। शादी समारोह में शामिल होने के लिए कई रिश्तेदार गांव पहुंचे हुए थे। गुरुवार को परिवार के कुछ सदस्य यमुना नदी के दूसरी तरफ तरबूज और खरबूज खाने के लिए गए थे। बताया जा रहा है कि विष्णु निषाद अपनी पत्नी और रिश्तेदारी के 7 बच्चों को नाव से नदी पार कर बारी में लेकर गए थे। वहां, सभी ने तरबूज और खरबूज तोड़े और उन्हें नाव में रखकर वापस गांव लौट रहे थे।

