पंचतत्व में विलीन हुईं पार्श्व गायिका सुमन कल्याणपुर, राजकीय सम्मान के साथ दी गई अंतिम विदाई

नई दिल्ली, 1 जून - मशहूर पार्श्व गायिका और पद्म भूषण पुरस्कार से सम्मानित सुमन कल्याणपुर का 89 वर्ष की अवस्था में निधन हो गया। उनका अंतिम संस्कार पूरे राजकीय सम्मान के साथ मुंबई में हुआ। भारतीय संगीत और सिनेमा में उनके योगदान को सम्मानित करते हुए महाराष्ट्र सरकार ने उनकी अंतिम यात्रा संपन्न कराने का आदेश दिया था।
दिग्गज पार्श्व गायिका सुमन कल्याणपुर का अंतिम संस्कार आज मुंबई के सांताक्रूज  (पवन हंस) श्मशान घाट में संपन्न हुआ। अंतिम यात्रा के दौरान उनके करीबी लोगों और फैंस ने उन्हें पुष्पांजलि अर्पित कर अपना शोक व्यक्त किया। सुमन लंबे वक्त से बीमार चल रही थी। इसके बाद 31 मई को अपने आवास पर उन्होंने अंतिम सांसे लीं।
दिवंगत पार्श्व गायिका सुमन कल्याणपुर के निधन पर भारता के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने भी दुख जताया। एक्स पर एक पोस्ट में पीएम मोदी ने कहा, 'लोकप्रिय गायिका सुमन कल्याणपुर जी के निधन से बहुत दुख हुआ। उनकी सुरीली आवाज और दिल को छू लेने वाली गायकी ने हमारे सांस्कृतिक जगत को समृद्ध किया। अपने गीतों के जरिए उन्होंने संगीत प्रेमियों और भारतीय सिनेमा के प्रशंसकों के दिलों में एक खास जगह बनाई। उनके परिवार और प्रशंसकों के प्रति मेरी संवेदनाएं। ओम शांति।'
सुमन कल्याणपुर का जन्म भारत के भवानीपुर में 28 जनवरी 1937 को हुआ था। अपने लंबे करियर में उन्होंने 800 से ज्यादा गाने गाए। सुमन सिर्फ हिंदी ही नहीं हिंदी, मराठी, असमिया, गुजराती, कन्नड़, मैथिली, भोजपुरी, राजस्थानी, बंगाली, ओड़िया और पंजाबी भाषाओं में भी कई गाने रिकॉर्ड किए। संगीत के जगत में उनके योगदान के लिए उन्हें भारत सरकार की तरफ से ‘पद्म भूषण’ से भी सम्मानित किया गया है।

#पार्श्व गायिका सुमन कल्याणपुर