यूपी में हैट्रिक के लिए ड्राइंग रूम संवाद बनेगा भाजपा का हथियार, फीडबैक लेने की तैयारी
लखनऊ, 7 जून - उत्तर प्रदेश में जीत की हैट्रिक लगाने के लिए भाजपा ड्राइंग रूम बैठकों के जरिये माहौल बनाएगी। योजना अगस्त महीने में ऐसी 10 हजार बैठकों के जरिये 60 हजार चुनिंदा कार्यकर्ताओं से सीधा संवाद कर गुटबाजी पर नकेल कसने और फीडबैक हासिल करने की है। इस अभियान के तहत प्रदेश अध्यक्ष पंकज चौधरी इसी अवधि में राज्य के सभी 75 जिलों का दौरा करने की है। चूंकि आगामी विधानसभा चुनाव के मद्देनजर राज्य में उनकी सक्रियता बढ़ेगी, इसलिए उन्हें इसी महीने में संभावित मंत्रिमंडल विस्तार में मंत्री पद के दायित्व से मुक्त किया जाएगा।
पार्टी सूत्र के मुताबिक अगले साल फरवरी-मार्च में होने जा रहे विधानसभा चुनाव के मद्देनजर बड़े स्तर पर ऐसी बैठकों की योजना केंद्रीय नेतृत्व की है। केंद्रीय नेतृत्व चाहता है कि इन बैठकों के जरिये चौधरी न सिर्फ पूर्व सांसदों, विधायकों, मंत्रियों, पदाधिकारियों और पुराने कार्यकर्ताओं से सीधा संवाद करें, बल्कि जमीनी हकीकत को भी समझें। इन बैठकों के जरिये हासिल फीडबैक के आधार पर ही पार्टी विधानसभा चुनाव की रणनीति तैयार करेगी। फीडबैक ही आगामी चुनाव में टिकट हासिल करने का पैमाना बनेगा।

