UP: जर्जर हो रहा श्रीबांकेबिहारी मंदिर का ढांचा, छज्जों और दीवारों में आईं दरारें
आगरा, 11 जून - वृंदावन के ठाकुर श्रीबांकेबिहारी मंदिर के पास मंगलवार को एक भवन का छज्जा गिरने से नौ श्रद्धालु घायल हो गए थे, लेकिन खतरे और भी हैं। श्रीबांकेबिहारी मंदिर की इमारत ही अब जर्जर और कमजोर हो रही है। इसके छज्जों और दीवारों में दरारें आ चुकी हैं।
छत पर ज्यादा भार डाला गया है। इसे हटाने की सिफारिश की गई है। यह खुलासा हाई पावर्ड कमेटी के निर्देश पर भारतीय पुरातत्व सर्वेक्षण (एएसआई) की जांच में हुआ है। एएसआई के तकनीकी सर्वेक्षण में भवन की नींव और संरचना कमजोर पाई गई है। बीते साल एएसआई की टीम ने श्रीबांकेबिहारी मंदिर का सर्वेक्षण किया था। उसकी रिपोर्ट पर मंदिर की मजबूती के लिए कोई उपाय नहीं किए गए।
मंगलवार को मंदिर के पास छज्जा गिरने से श्रद्धालु घायल हुए तो इस रिपोर्ट की सिफारिशों का खुलासा हुआ। एएसआई के डिप्टी सुपरिंटेंडेंट, असिस्टेंट आर्कियोलॉजिस्ट व सर्वेयर की टीम ने मंदिर प्रशासन की मौजूदगी में यह सर्वे किया था। इसमें मंदिर के ढांचे पर खतरा माना गया है और जरूरी बदलाव की बात कही गई है।
एएसआई की रिपोर्ट में कहा गया है कि सबसे ऊपर की छत पर जाने के लिए पत्थर की दीवार में लोहे की सीढि़यां बनाई गई हैं। मंदिर परिसर में बिना किसी सुनियोजित ढंग से पाइप, लोहे की रॉड रखने और बैठने की जगह बना दी गई है। मंदिर में दर्शन के लिए भारी भीड़ पहुंच रही है। परिसर छोटा होने के कारण भीड़ से मंदिर को क्षति पहुंचने की आशंका है। मंदिर के अंदर मरम्मत के ऐसे कार्य किए गए हैं, जिनसे फर्श, दीवारें, लकड़ी के दरवाजे कमजोर हो रहे हैं।

