आरजी कर मामला : सीबीआई टीम ने पानीहाटी श्मशान का दौरा किया
कोलकाता, 17 जून (भाषा) पश्चिम बंगाल की राजधानी कोलकाता स्थित सरकारी आरजी कर अस्पताल में दो साल पहले एक प्रशिक्षु महिला चिकित्सक के साथ दुष्कर्म के बाद उसकी हत्या के मामले की जांच कर रही सीबीआई की एक टीम ने बुधवार को उत्तर 24 परगना जिले में उस श्मशान भूमि का दौरा किया, जहां पीडि़ता का अंतिम संस्कार किया गया था। एक अधिकारी ने यह जानकारी दी।
उन्होंने बताया कि केंद्रीय अन्वेषण ब्यूरो (सीबीआई) की विशेष जांच टीम (एसआईटी) पानीहाटी श्मशान घाट गई और वहां के कर्मचारियों से बात की। केंद्रीय एजेंसी के एक अधिकारी ने'पीटीआई-भाषाको बताया,'सीबीआई की टीम ने उस रात श्मशान घाट पर हुई गतिविधियों का ब्योरा एकत्र किया, जब मृतका का अंतिम संस्कार किया गया था। इससे हमारे जांच अधिकारियों को जांच की अधूरी कडिय़ों को जोडऩे में मदद मिलेगी।' उन्होंने बताया कि सीबीआई अधिकारियों ने श्मशान घाट का दौरा किया और पंजीकरण पुस्तिका में मृतका के अंतिम संस्कार की रात दर्ज की गई जानकारी जुटाई। अधिकारी ने बताया,'सीबीआई अधिकारियों ने वह समय नोट किया जब महिला चिकित्सक का शव श्मशान घाट लाया गया। साथ ही यह जानकारी जुटाई कि उस समय वहां कितने शव थे और अंतिम संस्कार कब पूरा हुआ।

