चंडीगढ़ केमिस्ट शॉप के कैशियर मर्डर केस में शामिल आरोपियों के बारे में बड़ा खुलासा
चंडीगढ़, 8 जुलाई (कपिल वाधवा) – चंडीगढ़ के सेक्टर-11 में मौजूद एक केमिस्ट शॉप के कैशियर जानकी दास के मर्डर केस की जांच के दौरान चंडीगढ़ पुलिस ने नार्को टेरर और फेक करेंसी रैकेट से जुड़े कई अहम खुलासे किए हैं। SP क्राइम अनुराग दारू ने आज शाम 6 बजे प्रेस कॉन्फ्रेंस में बताया कि इस केस में आकाश कुमार, सचिन, धर्मेंद्र उर्फ गोली और गुरमीत सिंह उर्फ बादशाह का रोल सामने आया है। उन्होंने बताया कि आरोपी गुरमीत सिंह उर्फ बादशाह को कैश और हथियार आकाश कुमार और सचिन ही सप्लाई करते थे।
जांच के दौरान यह भी पता चला है कि कपूरथला जेल में बंद धर्मेंद्र उर्फ गोली बाहर बैठे अपने साथियों के जरिए इस गैंग को इंस्ट्रक्शन दे रहा था। SP क्राइम ने बताया कि पुलिस ने आकाश कुमार के पास से करीब 3 ग्राम आइस ड्रग बरामद की है। इसके अलावा सचिन सिल्वेस्टर के पास से एक पिस्टल और गुरमीत सिंह उर्फ बादशाह के पास से भी एक पिस्टल बरामद हुई है। पुलिस के मुताबिक, जांच के दौरान नार्को टेरर, नकली करेंसी और गैर-कानूनी हथियारों के नेटवर्क से जुड़े कई अहम सुराग मिले हैं। मामले के सभी पहलुओं को ध्यान में रखते हुए जांच को आगे बढ़ाया जा रहा है और गैंग से जुड़े और लोगों की तलाश की जा रही है।

