क्रिकेट जगत को बड़ा झटका, महान ऑलराउंडर सर गारफील्ड सोबर्स का 89 साल की उम्र में निधन
एंटीगुआ, 17 जुलाई - क्रिकेट जगत ने अपने सबसे महान खिलाड़ियों में से एक को खो दिया है। वेस्टइंडीज के महान ऑलराउंडर सर गारफील्ड सोबर्स का 89 वर्ष की उम्र में निधन हो गया। 28 जुलाई को वह 90 साल के हो जाते। क्रिकेट वेस्टइंडीज ने भी सोशल मीडिया पर पोस्ट कर सोबर्स को श्रद्धांजलि दी है। सर गारफील्ड सोबर्स को सर गैरी सोबर्स कहकर भी बुलाया जाता था।
सोबर्स को क्रिकेट इतिहास का सबसे संपूर्ण खिलाड़ी माना जाता है। उन्होंने बल्लेबाजी, गेंदबाजी और फील्डिंग, तीनों विभागों में ऐसा स्तर स्थापित किया, जिसकी मिसाल आज भी दी जाती है। सोबर्स ने ऐसे दौर में क्रिकेट खेला, जब वेस्टइंडीज विश्व क्रिकेट की सबसे मजबूत टीमों में गिनी जाती थी। उनकी बहुमुखी प्रतिभा ने उन्हें खेल के महानतम खिलाड़ियों की सूची में हमेशा के लिए जगह दिलाई।

