कॅरियर का आकर्षक द्वार पर्यटन और हॉस्पिटैलिटी
लाइफस्टाइल के रूप में अपनी मजबूत जगह बनाता पर्यटन, धार्मिक अनुभव और विश्वासों के लिए बढ़ता धार्मिक तीर्थाटन तथा नई पीढ़ी की बढ़ती आय के कारण लग्जरी हॉस्पिटैलिटी की मांग युवाओं के लिए पर्यटन और हॉस्पिटैलिटी के क्षेत्र में नये कॅरियर का आकर्षक द्वार खोल दिया है।
ऐसे में यदि आप नई-नई जगहों को जानने, अलग-अलग संस्कृतियों में घुलने-मिलने तथा दुनिया के विभिन्न संस्कृतियों के लोगों से संवाद करने और गतिशील वातावरण में काम करने का सपना देखते हैं तो पर्यटन और हॉस्पिटैलिटी आपके लिए एक बेहतरीन कॅरियर साबित हो सकता है। याद रखिए, यह क्षेत्र केवल होटल में नौकरी करने तक सीमित नहीं रहता बल्कि पर्यटन प्रबंधन, एयरलाइन सेवाएं, ट्रैवल प्लानिंग, क्रूज टूरिज्म, इवेंट मैनेजमेंट, एडवेंचर टूरिज्म, धार्मिक पर्यटन, वेलनेस टूरिज्म और लग्जरी रिसॉर्ट जैसे अनेक क्षेत्र इसमें शामिल हैं। ..तो आइये विस्तार से समझते हैं कि आखिर यह क्षेत्र क्या है और इसमें किस तरह भविष्य का एक मजबूत कॅरियर मौजूद है।
क्या है पर्यटन और हॉस्पिटैलिटी?
पर्यटन का संबंध यात्राओं की योजना बनाने, पर्यटकों का मार्गदर्शन करने और पर्यटन सेवाएं उपलब्ध कराने से है। जबकि हॉस्पिटैलिटी का सीधा संबंध, अतिथि सत्कार, होटल, रिसॉर्ट, रेस्त्रां, क्रूज, एयरलाइन तथा अन्य अतिथि सेवाओं के कुशल संचालन से है। इस क्षेत्र का मूल उद्देश्य पर्यटकों को सुरक्षित, आरामदायक और यादगार अनुभव उपलब्ध कराना है। यही कारण है कि तकनीकी ज्ञान के साथ-साथ व्यवहार कुशलता का भी विशेष महत्व होता है। पर्यटन और हॉस्पिटैलिटी उद्योग में अनेक प्रकार के रोज़गार उपलब्ध हैं, जो कुछ इस प्रकार से हैं- होटल मैनेजर, फ्रंट ऑफिस एग्जीक्यूटिव, फूड एंड बेवरेज मैनेजर, हाउसकीपिंग प्रबंधन, ट्रैवेल कंसल्टेंट, टूर मैनेजर, टूरिस्ट गाइड, एयरलाइन ग्राउंड स्टाफ, एयरपोर्ट सर्विस एग्जीक्यूटिव, क्रूज हॉस्पिटैलिटी प्रोफेशनल, इवेंट मैनेजर, डेस्टिनेशन मैनेजर, रिसॉर्ट मैनेजर, वेलनेस एंड मेडिकल टूरिज्म कॉर्डिनेटर, ट्रैवेल कंटेंट क्रिएटर एंड डिजिटल ट्रैवेल प्लानर।
कैसे बनाएं कॅरियर
इस क्षेत्र में कॅरियर बनाने के लिए 12वीं के बाद निम्नलिखित पाठ्यक्त्रमों में प्रवेश लेकर कॅरियर बना सकते हैं- बैचलर इन होटल मैनेजमेंट, बी.एस.सी. हॉस्पिटैलिटी एंड होटल एडमिनिस्ट्रेशन, बीबीए इन हॉस्पिटैलिटी मैनेजमेंट, बीए इन ट्रैवेल एंड टूरिज्म, डिप्लोमा इन होटल मैनेजमेंट, डिप्लोमा इन फूड प्रोडक्शन, डिप्लोमा इन ट्रैवेल एंड टूरिज्म आवश्यक है
कहां मिलते हैं रोज़गार
प्रशिक्षित युवाओं के लिए इस क्षेत्र में रोज़गार की संभावनाएं लगातार बढ़ रही हैं, जो क्षेत्र प्रमुख रूप से इस क्षेत्र के प्रशिक्षित युवाओं के लिए रोज़गार उपलब्ध कराते हैं, वे इस प्रकार हैं- होटल और रिसॉर्ट, ट्रैवल एजेंसियां, टूर ऑपरेटर, एयरलाइंस, एयरपोर्ट, क्रूज कंपनियां, थीम पार्क, वाइल्ड लाइफ और इको टूरिज्म परियोजनाएं, धार्मिक पर्यटन संस्थान, मेडिकल टूरिज्म कंपनियां, इवेंट मैनेजमेंट कंपनियां, सरकारी पर्यटन विभाग, इनके अलावा स्वयं का ट्रैवेल स्टार्टअप, होम स्टे, ट्रैवेल ब्लॉग, डिजिटल ट्रैवेल एजेंसी या टूर ऑप्रेशन व्यवसाय भी शुरु किया जा सकता है।
वेतन और कॅरियर ग्रोथ
इस क्षेत्र में शुरुआती वेतन संस्थान, शहर, योग्यता और कार्य की प्रकृति पर निर्भर करता है। बड़े होटल समूहों, अंतर्राष्ट्रीय एयरलाइंस और लग्जरी रिसॉर्ट में अनुभव के साथ आय तेजी से बढ़ सकती है। विदेशी भाषाओं का ज्ञान, अंतर्राष्ट्रीय अनुभव और प्रबंधन कौशल रखने वाले पेशेवरों को ज्यादा बेहतर अवसर मिलते हैं। अनुभव के साथ व्यक्ति होटल मैनेजर, जनरल मैनेजर, रीजनल ऑप्रेशन मैनेजर, पर्यटन सलाहकार या अपना खुद का व्यवसाय शुरु कर सकता है। आज इस एआई दौर में डिजिटल तकनीक ने पर्यटन उद्योग का पूरी तरह से चेहरा बदल दिया है। आज ऑनलाइन बुकिंग, वर्चुअल टूर, एआई आधारित यात्रा सुझाव, डिजिटल भुगतान और स्मार्ट होटल प्रबंधन जैसी सेवाएं सामान्य होती जा रही हैं। इसके कारण तकनीक से परिचित हॉस्पिटैलिटी पेशेवरों की मांग तेजी से बढ़ रही है।
-इमेज रिफ्लेक्शन सेंटर





