स्वास्थ्य सुविधाओं का विस्तार

आज प्रदेश में कुछ ऐसे क्षेत्र हैं, जिनकी ओर अधिक से अधिक ध्यान दिए जाने की ज़रूरत प्रतीत होती है। इनमें शिक्षा और स्वास्थ्य के क्षेत्रों के साथ-साथ प्रदेश के मूलभूत ढांचे को चुस्त-दुरुस्त और मज़बूत बनाना शामिल है। इसके साथ-साथ विगत लम्बी अवधि से नशे के प्रचलन ने देश के युवाओं का एक तरह से नुक्सान ही किया है। नि:संदेह पूर्व सरकारों ने भी नशों के प्रचलन को कम करने के लिए बड़े यत्न ज़रूर किए थे। इसी क्रम में इस प्रदेश सरकार ने नशे को खत्म करने के विरुद्ध अभियान चलाया है। चाहे इसमें यह कुछ सीमा तक सफल भी हुई है परन्तु इस समस्या को प्रभावशाली ढंग से खत्म करने के लिए अभी भी लगातार बड़े यत्नों की ज़रूरत होगी। इस संबंध में प्रत्येक स्तर पर कड़े प्रबन्ध किए जाने ज़रूरी हैं और इसका लगातार लेखा-जोखा भी होना चाहिए।
आम आदमी पार्टी ने दिल्ली में अपनी सरकार के समय स्वास्थ्य के क्षेत्र में जो तजुर्बे किए थे, उनसे इसे बड़ी सफलता प्राप्त हुई थी। उसी तज़र् पर पंजाब में भी गत साढ़े चार वर्ष के समय से सरकार की ओर से आम आदमी क्लीनिक शुरू करने का यत्न किया गया था, जिसमें इसे बड़ी सीमा तक सफलता भी प्राप्त हुई है। केन्द्र सरकार की ओर से भी देश में आयुष्मान भारत नामक योजना चलती रही थी, जिसके सहयोग से आम आदमी क्लीनिक भी शुरू किए गए। इस संबंध में मार्च माह में 4 वर्ष का रिपोर्ट कार्ड पेश करते हुए मुख्यमंत्री ने यह विवरण दिया है कि प्रदेश भर में 883 आम आदमी क्लीनिक चल रहे हैं और आगामी महीनों में 100 और ऐसे क्लीनिक खोले जाएंगे। इसके साथ ही और 400 क्लीनिकों का निर्माण भी किया जा रहा है और इन क्लीनिकों में 47 टैस्ट और 107 दवाइयां नि:शुल्क उपलब्ध हैं। 25 जुलाई को मुख्यमंत्री ने यह घोषणा की है कि पंजाब वासियों को 100 नए आम आदमी क्लीनिक मिलेंगे, जिनका आगामी दिनों में कैबिनेट मंत्रियों, विधायकों और वरिष्ठ नेताओं द्वारा उद्घाटन किया जा रहा है। इस तरह आम आदमी क्लीनिकों की संख्या 1090 हो गई है, जिनमें सरकार के अनुसार ज़रूरी दवाइयां और टैस्ट पूरी तरह से नि:शुल्क किए गए हैं। सरकारी आंकड़ों के अनुसार अब तक 5.90 करोड़ से अधिक ओ.पी.डी. और 3.43 करोड़ से अधिक नि:शुल्क डायग्नोस्टिक टैस्ट किए जा चुके हैं। इसी क्रम में जो बड़ी योजना शुरू की गई है, उसके तहत ‘मुख्यमंत्री स्वास्थ्य योजना’ का शुरू किया जाना भी है। सरकारी सूचना के अनुसार 8 जनवरी, 2026 से शुरू की गई ‘मुख्यमंत्री स्वास्थ्य योजना’ के तहत 6 माह में लगभग अढ़ाई लाख मरीज़ों ने लगभग 850 करोड़ रुपये नकदी रहित उपचार करवाया है। इस संबंध में पंजाब के स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्री डा. बलबीर सिंह ने बताया कि इस योजना के तहत 50 लाख से अधिक स्वास्थ्य कार्ड जारी किए जा चुके हैं। यह भी कि इस योजना के तहत प्रदेश के 868 सरकारी और निजी अस्पतालों में मरीज़ कैशलैस उपचार प्राप्त कर रहे हैं। 
स्वास्थ्य मंत्री के अनुसार प्रदेश भर में अब तक इस योजना में अढ़ाई लाख परिवारों को लाभ मिला है। इस योजना में अब तक पंजाब भर के 24.96 लाख से अधिक परिवार शामिल किए गए हैं। हम समझते हैं कि प्रदेश के जन-साधारण विशेष रूप से ज़रूरतमंदों के लिए  स्वास्थ्य के क्षेत्र में किया जा रहा यह कार्य प्रशंसनीय है परन्तु इसके लिए सरकार को प्रत्येक स्तर पर सचेत होने की ज़रूरत होगी ताकि लोगों को दी जा रही यह बड़ी सुविधा सही अर्थ में ज़रूरतमंद परिवारों को मिले और इसमें किसी भी तरह की ढील या चोर-दरवाज़े होने की गुंजाइश न रहे। नि:संदेह आज हम इस दिशा में किए जा रहे यत्नों की प्रशंसा करते हैं, क्योंकि ज़रूरतमंदों के लिए स्वास्थ्य सुविधाओं को प्रदान किया जाना ही एक उत्तम कार्य माना जाएगा।

—बरजिन्दर सिंह हमदर्द

#स्वास्थ्य सुविधाओं का विस्तार